देहरादून शहर की सफाई व्यवस्था व डोर टू डोर कूड़ा उठान व्यवस्था का जायजा लेने रविवार को मेयर सौरभ थपलियाल सुबह सवेरे वार्डों के औचक निरीक्षण पर जा पहुंचे। इस दौरान मेयर सौरभ थपलियाल ने सफाई व्यवस्था खास तौर से डोर टू डोर कूड़ा उठान व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों से फीडबैक भी लिया। जहां एक तरफ मेयर ने वार्डों की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया तो वहीं दूसरी ओर डोर टू डोर कूड़ा उठान व्यवस्था को लेकर लोगों से भी बातचीत की। मेयर के औचक निरीक्षण की निगम अधिकारियों को भनक तक नहीं लगी। दरअसल डोर टू डोर कूड़ा उठान को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर मेयर सौरभ हकीकत जानने स्वयं वार्डों के औचक निरीक्षण पर पहुंचे। वार्ड-52 अजबपुर सरस्वती विहार में निरीक्षण के दौरान मेयर ने सबंधित वार्ड के सुपरवाइजर से गैरहाजिर सफाई कर्मचारियों की अनुपस्तिथि का स्पष्टीकरण मांगा। मेयर सौरभ ने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था को बनाये रखना निगम का सबसे पहला काम है लिहाजा इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए।
जनता से लेंगे फीडबैक , ऐसे ही जारी रहेगा औचक निरीक्षण
मेयर सौरभ थपलियाल का कहना है कि देहरादून शहर के सभी वार्डों में इसी तरह से निरीक्षण किया जाएगा। वार्डों की सफाई और घरों से कूड़ा उठान की व्यवस्था को सुचारू बनाये रखना निगम की जिम्मेदारी है। इस संबंध में पहले भी सफाई निरीक्षकों व सुपरवाइजर को स्पष्ट निर्देश दिए जा चुके हैं। लेकिन अब जमीनी हकीकत को जानने के लिए इसी तरह से निरीक्षण किया जाएगा और लोगों से सफाई व्यवस्था को लेकर फिडबैक लिया जाएगा। मेयर सौरभ थपलियाल का कहना है कि डोर टू डोर कूड़ा उठान की व्यवस्था की जिम्मेदारी निगम ने अपने हाथों में ली है, ऐसे में निगम की जिम्मेदारी भी बनती है की व्यवस्था को और बेहतर किया जाए। लिहाजा सफाई व्यवस्था को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही ना तो बरती जानी चाहिए और न ही कोई हीलाहवाली की जानी चाहिए।




