जोशीमठ : बद्रीनाथ धाम से देहरादून लौटते वक्त जोशीमठ क्षेत्र के आसपास एक हेलीकॉप्टर के लापता होने की सूचना है। हेलीकॉटर में पायलट व 5 यात्री सवार थे। बताया जा रहा है कि जोशीमठ क्षेत्र के आसपास हेलीकॉप्टर की अंतिम लोकेशन मिली है और उसके बाद से कोई संपर्क नहीं हो पाया है और ना ही कोई पता लग पाया है। बताया जा रहा है कि हेलीकाप्टर 1 बजकर 14 मिनट पर निकला था और जोशीमठ वैली पार करते वक्त सम्पर्क टूट गया। खोजबीन के लिए एक अन्य हेलिकॉप्टर को भेजा गया है। सेना और एसडीआरएफ भी खोजबीन अभियान में जुटी हुई है।
हेलीकॉप्टर बद्रीनाथ धाम से देहरादून के सहस्त्रधारा हेलीपैड के लिए रवाना हुआ था। आखिरी बार जोशीमठ के करीब संपर्क हुआ था। उसके बाद से कोई संपर्क अभी तक नहीं हो सका है। राज्य सरकार की तरफ से भी खोजबीन के लिए पूरी मशीनरी को लगाया गया है। सभी यात्री बेंगलुरु के बताए जा रहे हैं जो बद्रीनाथ धाम के दर्शन कर लौट रहे थे।



