ऋषिकेश : गढ़वाल सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम “मन की बात” के 134वें संस्करण को योग नगरी ऋषिकेश में सुना। तपोभूमि ऋषिकेश में गंगा तट पर कल-कल बहती मां गंगा की लहरों के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “मन की बात” कार्यक्रम में गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी के साथ संत व भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी पीएम मोदी के कार्यक्रम “मन की बात” को सुना।
इस अवसर पर गढ़वाल सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने प्रेरणादयी विचारों के माध्यम से राष्ट्रनिर्माण, जनभागीदारी, नवाचार, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रकाश डाला। इसके साथ ही देश के अलग-अलग क्षेत्र में हो रहे नवोन्मेषी, जनकल्याणकारी पहलों व प्रेरक सामाजिक कार्यों की जानकारी देकर सभी को राष्ट्रहित में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया है।
गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि मन की बात केवल एक संवाद ही नहीं है बल्कि देशवासियों को जोड़ने और समाज में सकारात्मक परिवर्तन के लिए प्रेरित करने का एक सशक्त माध्यम भी है। दरअसल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम के जरिए नए प्रयासों व प्रेरणादायी कार्यों को आगे लाने का प्रयास किया जाता है जिसके जरिए समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की दिशा में भी प्रेरणा मिलती है।
कई बार मन बात कार्यक्रम में उत्तराखंड के ऐसे कई लोगों का भी जिक्र हुआ है जिन्होंने अपने कार्यों व अपनी प्रतिभा के जरिये समाज के लिए भी एक नई उम्मीद की किरण जगाने का सफल और सकारात्मक प्रयास किया है। चाहे कोई भी क्षेत्र हो हर क्षेत्र में अपने नवोन्मेषी प्रयासों के जरिये एक बदलाव लाने का काम किया है।




