देहरादून : बंगाल में इस बार कमल खिला है। आजादी के बाद पहली बार बंगाल में भगवा का परचम लहराया है। इस जीत के पीछे महज एक दिन की तैयारी नहीं बल्कि बीजेपी कार्यकर्ताओं की सालों की मेहनत है। इस बार की विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने बंगाल में पूरी ताकत झोंक दी। जहां एक तरफ पीएम मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ जैसे दिग्गजों ने बंगाल चुनाव का मोर्चा संभाला हुआ था तो वहीं संगठन के कई नेताओं को भी सांगठनिक व्यवस्था के तहत जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
उत्तराखंड से वरिष्ठ भाजपा नेता और कैबिनेट मंत्री डॉ धन सिंह रावत को बंगाल चुनाव में अहम जिम्मेदारी दी गई थी। उन्हें बंगाल चुनाव में 50 से 52 विधानसभा सीटों की जिम्मेदारी सौंप गई थी। कैबिनेट मंत्री डॉ धन सिंह रावत करीब 5 महीने तक बंगाल प्रवास पर रहे। जिन सीटों की उन्हें जिम्मेदारी दी गयी थी उनमें से 95 फीसदी सीटें भाजपा जीती है। कैबिनेट मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने इन जिम्मेदारियां के लिए बीजेपी शीर्ष नेतृत्व का आभार जाता है।
बंगाल की जीत पर कैबिनेट मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने बीजेपी शीर्ष नेतृत्व सहित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गृहमंत्री अमित शाह का आभार जताया है। इसके साथ ही कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत ने बंगाल की जनता का भी आभार जताया और कहा कि बंगाल की जनता बहुत त्रस्त थी, भय और भ्रष्टाचार वहां व्याप्त था। डॉ धन सिंह रावत ने कहा कि हम पहले से ही इस बात को कह रहे थे कि बंगाल में हम रिकॉर्ड तोड़ मतों से जीतेंगे।
डॉ धन सिंह रावत ने कहा कि आज उन हजारों कार्यकर्ताओं की जीत हुई है जिनके नाम झूठे मुकदमे लिखे गए, कई कार्यकर्ताओं की हत्या हुई और बंगाल में निरंकुश सरकार चल रही थी। बंगाल की जनता ने मोदी जी के विजन पर वोट दिया है, बंगाल में अब एक विकासवादी सरकार दी है। उन्होंने कहा कि आज पूरे देश में गौमुख से लेकर गंगा सागर तक कमल खिला है। लोगों को विश्वास था कि बीजेपी अच्छे सरकार देगी भाजपा के राज में अच्छे काम भी होंगे, लोगों को विश्वास था कि भारतीय जनता पार्टी ही बंगाल का विकास कर सकती है।




