देहरादून : सीमांत जनपद चमोली के गोपेश्वर में एक अत्याधुनिक डायलिसिस सेंटर की स्थापना होगी। गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी अपनी सांसद निधि से इसके लिए 65 लख रुपए की धनराशि देंगे। डायलिसिस सेंटर स्टेट ऑफ़ द आर्ट के तौर पर स्थापित किया जाएगा। इस डायलिसिस सेंटर के स्थापित होने के बाद से सीमान्त क्षेत्र के किडनी मरीजों को डायलिसिस के लिए हायर सेंटर के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। नजदीकी डायलिसिस सेंटर स्थापित होने से उन्हें पास में ही यह सुविधा मिलेगी और उनकी भागदौड़ और पैसा दोनों बचेगा।
दरअसल गोपेश्वर में लंबे समय से डायलिसिस सेंटर स्थापित करने की मांग चली आ रही है जो कि जल्द पूरी होने जा रही है। इस डायलिसिस सेंटर के स्थापित होने के बाद से आसपास के क्षेत्र के किडनी रोगियों को डायलिसिस के लिए शहरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे बल्कि नजदीकी क्षेत्र में ही यह सुविधा मिल सकेगी। इससे उनके शारीरिक, मानसिक और आर्थिक सभी तरह की राहत मिलेगी।
दरअसल पहाड़ पर स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करना हमेशा से ही चुनौती रहा है। ऐसा नहीं कि इस दिशा में कोई प्रयास नहीं होते लेकिन विषम भौगोलिक परिस्थिति के कारण स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने की दिशा में हमेशा से ही बड़ी चुनौतियां रहती है। किडनी के मरीज जिन्हें निरंतर डायलिसिस की आवश्यकता पड़ती है उन्हें इसके लिए हायर सेंटर की तरफ रुख करना पड़ता है जिससे समय तो लगता है ही लेकिन साथ ही आने जाने में ही पैसा काफी लग जाता है। अब अगर डायलिसिस सुविधा नजदीकी केंद्र में ही मिलेगी तो इससे किडनी मरीजों की सबसे बड़ी दिक्कत दूर होगी और उन्हें काफी राहत भी महसूस होगी।
गढ़वाल लोकसभा सांसद अनिल बलूनी का कहना है कि पिछली दफा गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र के गोपेश्वर के भ्रमण के दौरान उन्हें स्थानीय लोगों व प्रशासन के द्वारा इस समस्या से अवगत करवाया गया था और लोगों द्वारा मांग भी की गई थी की गोपेश्वर में डायलिसिस सेंटर की स्थापना की जाए ताकि किडनी के मरीजों को दूर दराज के चक्कर न काटने पड़े और निकट क्षेत्र में ही उन्हें यह सुविधा मिल सके। लिहाजा इस दिशा में अपनी सांसद निधि के जरिए डायलिसिस सेंटर की स्थापना की प्रक्रिया की शुरुआत हो चुकी है और बहुत जल्द ही गोपेश्वर में एक डायलिसिस सेंटर की स्थापना हो जाएगी जिससे कि किडनी की बीमारी से पीड़ित लोगों की सबसे बड़ी दिक्कत दूर होगी।




