नई दिल्ली/देहरादून : गढ़वाल लोकसभा सांसद अनिल बलूनी “गढ़वाल हीरोज फुटबॉल क्लब” के संरक्षक बन गए हैं। “गढ़वाल हीरोज फुटबॉल क्लब” द्वारा गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी से इस संबंध में आग्रह किया गया था जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया है। इस मौके पर गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि किशोरावस्था में अक्सर उन्हें गढ़वाल हीरोज क्लब के मैच देखने का अवसर मिलते थे और अब गढ़वाल हीरोज का संरक्षक बनने का उन्हें मौका मिला है जिसे उनके द्वारा सहर्ष स्वीकार किया गया है। आने वाले वक्त में गढ़वाल के प्रतिभावान नौनिहालों को इस क्लब के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर आगे लाने का प्रयास किया जाएगा और उन्हें भी अपनी प्रतिभा को निखारने व मंच देने का एक सशक्त माध्यम मिलेगा।
“गढ़वाल हीरोज फुटबॉल क्लब” की स्थापना 1953 में हुई थी और तब से लेकर आज तक यह क्लब होनहार खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रहा है ताकि उन्हें एक मंच प्रदान किया जा सके। दरअसल पहाड़ में कई प्रतिभावान बच्चों की प्रतिभा सिर्फ इस कारण से ही आगे नहीं बढ़ पाती है कि न तो उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने व निखारने के लिए कोई मंच मिल पाता है और ना ही उनकी आर्थिकी इतनी महबूत होती है कि वे स्वयं अपने दम पर आगे बढ़ सकें। लिहाजा ऐसे में अगर उनकी प्रतिभा को आगे लाने के लिए कोई मंच मिलता है तो ऐसे प्रतिभावान नौनिहालों को भी आगे आने का मौका मिलेगा और फुटबॉल में अपना करियर बनाने का अवसर मिलेगा।
गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी का कहना है कि उनके लिए यह गौरव का विषय तो है ही लेकिन साथ ही गढ़वाल ही नहीं बल्कि पूरे उत्तराखंड के उन प्रतिभावान खिलाड़ियों को सहयोग करने का भी एक अच्छा मौका है जो अपने संसाधनों के अभाव में अपनी मेहनत के दम पर दिन-रात फुटबॉल के क्षेत्र में करियर बनाने की जद्दोजहद में जुटे रहते हैं। ऐसे होनहार नौनिहालों को आगे बढ़ाने और उनका भविष्य संवारने के लिए गढ़वाल हीरो फुटबॉल क्लब उन्हें अवसर देगा। गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी का कहना है कि “मुझे पूरा विश्वास है कि हमारे या खिलाड़ी गढ़वाल का उत्तराखंड का और भारत का नाम पूरी दुनिया में रोशन करेंगे और खेल की दुनिया में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देंगे”।

