देहरादून : उत्तराखंड भाजपा संगठन की पहली महिला प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत भारद्वाज का कहना है कि “नारी शक्ति वंदन” मातृशक्ति के सम्मान स्वाभिमान और सशक्तिकरण का जीवंत प्रतीक है। दीप्ति रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में पंचायत से लेकर संसद तक महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए किए गए ऐतिहासिक प्रयास देश को एक नई दिशा प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि “नारी शक्ति वंदन” देश की आधी आबादी को उनका अधिकार, सम्मान और नेतृत्व प्रदान करने का सशक्त संकल्प है यह केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि महिलाओं के आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व क्षमता को सशक्त करने की दिशा में एक व्यापक जन जागरण का माध्यम भी है।
दीप्ति रावत भारद्वाज ने कहा कि आज देश की महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का परचम लहरा रही हैं। केंद्र सरकार द्वारा चलाई जारी विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं ने महिलाओं को आर्थिक सामाजिक और राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने का कार्य किया है जिससे वे न केवल अपने परिवार बल्कि राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की जागरूक एवं ऊर्जावान मातृशक्ति का यह उत्साह दर्शाता है कि महिलाएं अब केवल भागीदार ही नहीं बल्कि नेतृत्व करता के रूप में आगे बढ़ रही हैं। यह ऊर्जा और सहभागिता निश्चित रूप से विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में मील का पत्थर साबित होगी।




