देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी व सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने शनिवार को राजकीय दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय पहुंचकर वहां भर्ती वरिष्ठ पत्रकार मोहन भुलानी से भेंट की और उनका कुशलक्षेम जाना। मुख्यमंत्री ने पत्रकार मोहन भुलानी के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए डॉक्टरों से उनके स्वास्थ्य की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने परिजनों से भी मुलाकात कर उनका हालचाल पूछा और उन्हें हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के योगदान को सदैव सम्मान की दृष्टि से देखती है और संकट की घड़ी में उनके साथ खड़ी है। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि मोहन भुलानी के उपचार में किसी प्रकार की कमी न रहे और समुचित देखभाल सुनिश्चित की जाए।
वहीं सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने भी अस्पताल पहुंचकर वरिष्ठ पत्रकार मोहन भुलानी के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। दरअसल ह्रदयघात के चलते वरिष्ठ पत्रकार मोहन भुलानी को अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। त्वरित रिस्पांस के चलते मोहन भुलानी को समय पर उपचार मिला और अब मोहन भुलानी के स्वास्थ्य में लगातार सुधार हो रहा है और जल्द उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया जाएगा। पत्रकार जनों ने भी मोहन भुलानी के स्वास्थ्य का हालचाल जाना और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।




