देहरादून : रामनगर से देहरादून रेल सेवा का विधिवत उद्घाटन हो गया। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी, हरिद्वार सांसद त्रिवेन्द्र सिंह रावत, भाजपा के वरिष्ठ विधायक अरविंद पांडेय व विधायक दीवान सिंह बिष्ट रामनगर में मौजूद रहे।
गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि मैं इस ऐतिहासिक अवसर पर रामनगर की जनता के साथ इस कार्यक्रम में उपस्थित होकर क्षेत्र की जनता की वर्षों पुरानी इस मांग के पूरी होने खुशी में शामिल हुआ हूँ। यह नई रेल सेवा पर्यटन, व्यापार, शिक्षा, रोजगार और आमजन की यात्रा कौन नई गति प्रदान करेगी और उत्तराखंड के विकास को और अधिक सशक्त बनाएगी। उन्होंने कहा कि रामनगर अब पर्यटकों के लिए और अधिक सुगम होगा और यहां के नौजवानों को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे।
गढ़वाल क्षेत्र में चल रहा सबसे बड़ा रेल प्रोजेक्ट ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन
उत्तराखंड में रेल कनेक्टिविटी का लगातार विस्तार हो रहा है और पहली बार ट्रेन पहाड़ चढ़ रही है। ऋषिकेश से कर्णप्रयाग रेल लाइन पर तेजी से काम चल रहा है। ऋषिकेश- कर्णप्रयाग रेल लाइन जहां एक ओर सामरिक दृष्टि से भी काफी अहम मानी जा रही है तो तीर्थाटन के साथ ही राज्य के पर्यटन को भी इससे गति मिलेगी। उत्तराखंड में पहली बार पहाड़ पर ट्रेन का सपना पूरा होने जा रहा है। इस रेल लाइन के बनने के बाद से जहां एक तरफ केदारनाथ धाम व बद्रीनाथ धाम जाने वाले तीर्थ यात्रियों को राहत मिलेगी तो वहीं पर्यटकों को भी काफी सहूलियत होगी।




