देहरादून : प्रदेश में UKSSSC पेपर लीक मामला धामी सरकार के लिए बड़ा सर दर्द बन गया है। जहां एक तरफ उत्तराखंड बेरोजगार संघ सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल बैठा है तो वहीं दूसरी ओर सोशल मीडिया पर भी जमकर किरकिरी हो रही है। सबसे सख्त नकल कानून के बावजूद ऐसी हिमाकत करना सरकार को चुनौती देने से कम नहीं। हालांकि पुलिस प्रशासन अपना काम कर रही है और परीक्षा केंद्र से पेपर आउट करने वालों पर शिंकजा कस रही है , लेकिन बेरोजगार संघ अब परीक्षा को निरस्त करने की मांग पर अड़ा हुआ है। बेरोजगार संघ न सिर्फ परीक्षा को निरस्त करने की मांग कर रहा है बल्कि उसकी मांग है कि परीक्षा में अनियमिताओं की सीबीआई जांच की संस्तुति की जाए, और आयोग के अध्यक्ष को भी तत्काल हटाया जाए।
उत्तराखंड बेरोजगार संघ के अध्यक्ष राम कंडवाल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री पुष्कर धामी से मुलाकात कर अपनी प्रमुख मांगो से अवगत कराया। इन मांगों में प्रतियोगी परीक्षाओं में हुई अनियमितताओं की सीबीआई जांच की तत्काल संस्तुति की जाए, स्नातक स्तरीय परीक्षा को तत्काल निरस्त कर एक माह में पुन: परीक्षा आयोजित की जाए, उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष से तत्काल इस्तीफा लिया जाए और आरक्षी भर्ती नियमावली को तत्काल संशोधित किया जाए। संघ के पूर्व अध्यक्ष बॉबी पंवार का कहना है कि जब तक युवाओं की मांगे नहीं मानी जाती वह युवाओं के साथ डटे रहेंगे, बॉबी पंवार ने जल्द ही एक और बड़ा खुलासा करने की बात कही है।




