देहरादून : UKSSSC पेपर लीक मामले को लेकर प्रदेश भर में छात्र आंदोलन की राह पर हैं। छात्र पेपर लीक मामले की सीबीआई जांच की मांग को लेकर मोर्चा खोले हुए हैं। ऐसे में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री व सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत का एक बड़ा बयान सामने आया है। सोशल मीडिया में ये बयान खूब वायरल हो रहा है। पूर्व सीएम त्रिवेंद्र रावत का कहना है कि यदि सीबीआई जांच होती है तो कोई बुराई नहीं है। सांसद त्रिवेंद्र रावत ने कहा कि मुझे लगता है कि मुख्यमंत्री जी को सभी बालकों को आश्वासन देना चाहिए कि हम इसमें सीबीआई जांच करवाएंगे। सांसद त्रिवेंद्र रावत ने कहा कि जिस तरीके से युवा आक्रोशित है जिस तरीके से उनकी भावनाएं हैं सीबीआई जांच करवाने में कोई दिक्कत नहीं होना चाहिए।
धामी सरकार पेपर लीक मामले की एसआईटी जांच करवा रही है,लेकिन आंदोलित छात्र सीबीआई जांच से कम पर मानने को तैयार नहीं है। पेपर लीक की घटना से छात्र नाराज हैं। जहां एक ओर छात्र देहरादून के परेड मैदान में आंदोलन पर बैठे हैं तो वहीं प्रदेश के अलग अलग हिस्सों में विरोध स्वरूप रैलियां निकाली जा रही हैं। सरकार के सामने ये बड़ी चुनौती खड़ी हो गयी है कि कैसे छात्रों को मनाया जाए। इसी बीच अब सांसद त्रिवेंद्र रावत का ये बयान सामने आया है जिसमें वो सीबीआई जांच के समर्थन में नज़र आ रहे हैं। देखना होगा कि अब सरकार क्या करती है।




