देहरादून : महानगर भाजपा आगामी 9 अगस्त को देहरादून शहर की पांचों विधानसभाओं में भव्य तिरंगा यात्रा निकालने जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तिरंगा यात्रा में मौजूद रहेंगे। तिरंगा यात्रा को लेकर भाजपा जोर-शोर से तैयारी में जुटी नज़र आ रही है। यात्रा को भव्य बनाने के लिए महानगर भाजपा ने कमर कसी है।
भव्य यात्रा तैयारी को लेकर महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने पार्टी विधायकों व कार्यकर्ताओं के साथ यात्रा तैयारी को परखा। इस दौरान महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने देहरादून शहर की सभी विधानसभा के कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सभी 9 अगस्त को निकलने वाली तिरंगा यात्रा को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी में जुटें।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी और महानगर का प्रत्येक युवा बड़े उत्साह के साथ इस यात्रा में शामिल होने के लिए तैयार है यह उन सब की नैतिक जिम्मेदारी है कि तिरंगे के सम्मान में इस यात्रा में अपनी सहभागिता निभाएं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के द्वारा 9 अगस्त से 15 अगस्त तक राष्ट्रव्यापी तिरंगा यात्रा अभियान का आयोजन किया जा रहा है।
इस दौरान महानगर देहरादून के प्रत्येक घर पर तिरंगा लहराना चाहिए। महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आह्वान है कि प्रत्येक देशवासी तिरंगे के सम्मान में सम्मान यात्रा में सहभागी बनें और अपने घर पर तिरंगा लहरा कर राष्ट्र को समर्पित राष्ट्रीय एकता का संदेश दें। सिद्धार्थ अग्रवाल ने कहा कि सभी को स्वतंत्रता सेनानियों व वीर सैनिकों के सम्मान में अपने अपने घर पर तिरंगा लहराना चाहिए।

