देहरादून : बीते रात से शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने देहरादून के कई इलाकों में भारी नुकसान पहुंचाया है। कहीं सड़क वाश आउट हो गई, कहीं पुल क्षतिग्रस्त हो गए, कहीं मकान तो कहीं दुकान मलबे में दब गई। देहरादून के सहस्त्रधारा में भी बारिश से काफी नुकसान हुआ। नदी किनारे की बसावटों को उफान पर आई नदी से खतरा पैदा हो गया। बारिश से हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए मेयर सौरभ थपलियाल ने शहर के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। इस दौरान महापौर सौरभ थपलियाल ने लोगों की समस्याएं भी सुनी और उनके समाधान के लिए सबंधित विभागों के अधिकारियों को भी कहा। मेयर सौरभ ने आई टी पार्क , काठबंग्ला क्षेत्र , कर्लीगाढ़ समेत कई इलाकों का निरीक्षण किया और लोगों से भी बातचीत की।
दरअसल बीती रात से हो रही बारिश के कारण जगह जगह नुकसान हुआ है। पहाड़ों पर हुई बारिश के चलते मैदानी इलाकों में नदियां भी उफान पर हैं। देहरादून के टपकेश्वर महादेव मंदिर में तमसा नदी उग्र रूप में बहती नज़र आई। सहस्रधारा में दुकानें मलबे में जमींदोज हो गई। मालदेवता क्षेत्र में सड़क वाश आउट हो गई। प्रेमनगर में नंदा की चौकी के पास देहरादून-विकासनगर को जाने वाले हाईवे पर बने पुल का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया जिससे आगमन बाधित हो गया। मजाडा गांव सहस्त्रधारा में 3 लोगों के दबे होने, 1 घायल व 1 व्यक्ति कल रात से लापता है, साथ ही मवेशियों के के दबे होने की सूचना है, एनडीआरएफ एसडीआरएफ टीम द्वारा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। कार्लीगाढ से 70 लोगों को अभी तक एसडीआरएफ द्वारा सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है।




