नई दिल्ली/ देहरादून : गढ़वाल लोकसभा सांसद अनिल बलूनी द्वारा गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र के नवगठित कोटद्वार एवं श्रीनगर नगर निगमों तथा विस्तारित नगर निकाय क्षेत्रों में शामिल हुए नागरिकों को घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर बुकिंग में आ रही समस्याओं के समाधान हेतु उठाए गए मुद्दे पर केन्द्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने सकारात्मक संज्ञान लिया है।
गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने इस संबंध में केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया था कि नगर निगमों एवं नगर निकायों के विस्तार के बाद अनेक क्षेत्रों के निवासियों को घरेलू एलपीजी गैस कनेक्शन एवं सिलेंडर बुकिंग से जुड़ी व्यावहारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे आम उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ रही है।
केन्द्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने इस विषय को गंभीरता से लेते हुए सकारात्मक विचार एवं शीघ्र उचित निर्णय का आश्वासन दिया है। गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय पर त्वरित संज्ञान लेने और समाधान के प्रति संवेदनशीलता दिखाने के लिए केंद्रीय मंत्री का हार्दिक आभार व्यक्त किया है।
गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र सरकार के स्तर पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय होने से कोटद्वार, श्रीनगर तथा विस्तारित नगर निकाय क्षेत्रों के हजारों परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी और घरेलू एलपीजी गैस उपलब्धता से जुड़ी समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित होगा।
गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र के नागरिकों की सुविधाओं एवं जनहित से जुड़े विषयों को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित मंत्रालयों के समक्ष निरंतर उठाया जाता रहा है और आगे भी क्षेत्रवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव प्रयास जारी रहेंगे।




