देहरादून : गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी की गाड़ी पर तोताघाटी के निकट बोल्डर आ टकराया। बोल्डर अगले पहिये के ऊपरी हिस्से से टकराया जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। घटना में गढ़वाल सांसद बाल बाल बचे और वे पूरी तरह से सुरक्षित हैं। घटना की जानकारी भाजपा के पूर्व प्रवक्ता बिपिन कैंथोला ने भी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा की है।
दरअसल गढ़वाल लोकसभा सांसद अनिल बलूनी अपनी लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत पड़ने वाले पीपलकोटी में हुए टनल हादसे का जायजा लेने घटनास्थल के लिए जा रहे थे। ऋषिकेश से देवप्रयाग के बीच तोताघाटी के नजदीक उनके वाहन पर बोल्डर आ टकराया। बोल्डर फ्रंट टायर के ऊपरी हिस्से से टकराया, हालांकि घटना के बाद श्रीनगर में वाहन ठीक करवाकर सांसद अनिल बलूनी घटनास्थल के लिए निकल पड़े।
दरअसल मौसम विभाग द्वारा आज प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। ऐसे में पहाड़ों में सफर भी किसी बड़े जोखिम से कम नहीं होता क्योंकि इस दौरान भारी बारिश की वजह से पहाड़ों से मलबा आना या बोल्डर गिरने की संभावना बनी रहती है। लेकिन खराब मौसम और बारिश के अलर्ट के बीच गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी जोखिम उठाकर घटनास्थल के लिए निकले ताकि पीड़ितों के बीच पहुंच सकें और इस दौरान तोताघाटी के निकट उनके वाहन पर बोल्डर आ गिरा।

