हरिद्वार: जहां एक तरफ बीजेपी के स्टार प्रचारक चुनावी महासमर में बड़ी-बड़ी रैलियां और जनसभाएं कर रहे हैं, तो वहीं नुक्कड़ सभाओं के जरिये भी जनता को बीजेपी से जोड़ा जा रहा है और यह जनता को खुद से जोड़ने का एक प्रभावी माध्यम भी है।
गुरुवार को बीजेपी महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महासचिव दीप्ती रावत भारद्वाज लोकसभा चुनाव के मध्येनजर हरिद्वार लोकसभा में रहीं और इस दौरान उन्होंने हरिद्वार लोकसभा चुनाव कार्यालय में महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं से मिलकर लोकसभा चुनाव में महिला मोर्चा की भूमिका और आगामी कार्य योजना को लेकर चर्चा की।
इसके अलावा कनखल मंडल के अंतरगत सर्वे विहार, बैरागी कैंप हरिद्वार के वार्ड न. 30 में हरिराम आर्य इंटर कॉलेज शक्ति केन्द्र, सप्तऋषि मण्डल के अंतर्गत भीमगोडा और बिल्केश्वर तथा मध्य हरिद्वार के अंतर्गत तरूण हिमालय मण्डल में नुक्कड सभाएं भी की , जिसमें मोदी सरकार की लाभकारी योजनाओं के माध्यम से पिछले 10 सालों में हुए ऐतिहासिक विकास कार्यों और मातृ शक्ति के उत्थान व सशक्तिकरण के लिये, गरीबों व वंचितों के सम्मान से लेकर किसानों और युवाओं के लिये हुए अभूतपूर्व कार्यों तथा सभी भारतीयों के जीवन स्तर में आये सुधार के बारे में विस्तृत चर्चा की।
दीप्ती रावत का कहना है कि मोदी सरकार ने 80 करोड़ गरीबों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया, देशभर में 12 करोड़ शौचालय बनवाए, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 4 करोड़ गरीबों को घर दिए, उज्ज्वला योजना के तहत 10 करोड़ महिलाओं को गैस कनेक्शन दिए और 14 करोड़ से अधिक लोगों को नल कनेक्शन के माध्यम से ताजा पानी उपलब्ध कराया। मोदी सरकार ने 60 करोड़ गरीबों को आयुष्मान योजना के अंतर्गत 5 लाख रुपये तक का संपूर्ण स्वास्थ्य कवरेज देकर लोगों को नई जिंदगी, नई उमंग और नया उत्साह देने का काम किया है।
दीप्ति रावत ने लोगों से अपील की कि अपना पूर्ण समर्थन देते हुए अबकी बार 400 पार के नारे के साथ फिर एक बार मोदी सरकार बनाने का संकल्प लें और हरिद्वार लोकसभा प्रत्याशी त्रिवेंद्र सिंह रावत को ऐतिहासिक मतों से विजयी बनाकर पीएम नरेंद्र मोदी को प्रचंड बहुमत के साथ तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाएं।




