नई दिल्ली : गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र के लिए एक और बड़ी सौगात जल्द मिलने जा रही है। गढ़वाल लोकसभा सांसद अनिल बलूनी के प्रयासों से रामनगर क्षेत्र की सालों पुरानी रेल सेवा की मांग जल्द पूरी होने जा रही है। बहुत जल्द रामनगर देहरादून सीधी ट्रेन सेवा शुरू होने जा रही है। इस महत्वपूर्ण ट्रेन सेवा के संचालन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है और बहुत जल्द इसकी औपचारिक घोषणा भी की जाएगी। इस ट्रेन के संचालन से देहरादून से सीधे रामनगर जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत भी मिलेगी और इससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। दरअसल गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने जनवरी माह में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर रामनगर से देहरादून के बीच सीधी ट्रेन सेवा प्रारंभ करने का आग्रह किया था और अब ट्रेन सेवा बहुत जल्द शुरू होने जा रही है। इसके अलावा संपर्क क्रांति का ठहराव तिरुमदारा में शुरू हो चुका है। इससे स्थानीय यात्रियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिल रही है।
बिछ रहा कनेक्टिविटी का जाल, पर्यटन व विकास को मिलेगी गति
गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी अपने गढ़वाल संसदीय क्षेत्र को केंद्र की डबल इंजन का पूरा लाभ दिलवाते नज़र आ रहे हैं। गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र को सांसद अनिल बलूनी के प्रयासों से जनहित से जुड़ी कई सौगात मिल रही है। देहरादून से रामनगर रेल सेवा शुरू होने से इसका सीधा लाभ पर्यटन, व्यापार और रोजगार के क्षेत्र में दिखाई पड़ेगा। रामनगर कॉर्बेट टाइगर रिजर्व पूरे देश में अपनी एक अलग पहचान रखता है और हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक रामनगर पहुंचते हैं। इसके अलावा रामनगर के नजदीकी कई हिल स्टेशन भी पर्यटकों की पहली पसंद है। रेल सेवा के शुरू होने से पर्यटक देहरादून से सीधे रामनगर पहुंच सकेंगे। इससे यात्रा सुगम होगी और यात्रियों व पर्यटकों की संख्या में इजाफा होने का सीधा लाभ क्षेत्र को मिलेगा।
कनेक्टिविटी बढ़ने से हो रहा गढ़वाल क्षेत्र का कायाकल्प
मौजूदा वक्त में जिस तेजी के साथ कनेक्टिविटी बढ़ रही है उसकी बानगी गढ़वाल क्षेत्र में मौजूदा वक्त में देखी जा सकती है। ऋषिकेश से कर्णप्रयाग रेल लाईन का सपना साकार हो रहा है। जल्द पहाड़ पर छुक-छुक की आवाज सुनाई पड़ने लगेगी। रेल लाइन का कार्य बहुत तेजी के साथ चल रहा है। इसके अलावा चारधाम राजमार्ग परियोजना का काम भी काफी हद तक हो चुका है। इसका लाभ न सिर्फ स्थानीय लोगों को हो रहा है बल्कि चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को भी सुगम यात्रा का अनुभव मिल रहा है साथ ही समय की भी बचत हो रही है। हाल ही में दिल्ली से देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर को जनता को समर्पित किया गया था जिसका सीधा लाभ जनता को मिलता हुआ नजर आ रहा है। दिल्ली से देहरादून का सफर अब बेहद आसान हो गया है। इसके अलावा केदारनाथ धाम के लिए रोपवे का काम भी जल्द शुरू होगा। साफ है कि कनेक्टिविटी बढ़ने से राज्य का कायाकल्प होगा, आर्थिकी बढ़ेगी और स्वरोजगार के नए आयाम भी स्थापित होंगे।




