देहरादून : भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आगामी 9 सितंबर को हल्द्वानी में होने जा रही है। दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन भी पहुंचेंगे। जहां एक तरफ भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदेश कार्य समिति की बैठक के साथ ही कोर कमेटी की बैठक लेंगे तो वहीं दूसरी तरफ पूर्व सैनिक व सिख गौरव सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे।
नई प्रदेश कार्यसमिति की घोषणा होने के बाद यह पहली प्रदेश कार्यसमिति की बैठक होगी। विधानसभा चुनाव से पहले होने वाली प्रदेश कार्यसमिति की बैठक चुनावी लिहाज से भी काफी अहम मानी जा रही है जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष की मौजूदगी रहने वाली है। क्योंकि प्रदेश कार्यसमिति की बैठक विधानसभा चुनाव से पहले होने जा रही है लिहाजा साफ है कि इसमें चुनावी रणनीति तय होगी। मौजूदा राजनीतिक परिदृश्य में किस तरीके से विपक्ष के हमलों पर पलटवार करना है इसपर भी भाजपा राष्ट्रीय नेतृत्व का प्रदेश संगठन को मार्गदर्शन मिलेगा।
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में प्रदेश कार्यसमिति के सदस्यों के साथ ही कोर ग्रुप के सदस्य भी मौजूद रहेंगे। सरकार के सभी मंत्री, विधायक व सांसद दो दिनों तक प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में रहेंगे। इस बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव भी पारित करवाया जाएगा और भावी कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तय की जाएगी। दरअसल 2027 में उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव होने हैं ऐसे में चुनाव के लिए अब बहुत ज्यादा वक्त नहीं है। सितंबर का महीना चल रहा है और साल 2026 बीतने के लिए 3 महीने का वक्त शेष है। ऐसे में इन तीन महीने के वक्त में पार्टी संगठन को कैसे ग्रास रुट लेवल पर उतरकर काम करना है इस बैठक में काफी कुछ तस्वीर साफ होगी।

