देहरादून : गढ़वाल लोकसभा सांसद अनिल बलूनी के प्रयास से गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र में कनेक्टिविटी की दिशा में नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। इसी कड़ी में गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र में मोबाइल व इंटरनेट कनेक्टिविटी को लेकर केंद्रीय संचार मंत्रालय ने नए टावर लगाने का फैसला किया है जिससे गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र के दुर्गम व सीमांत क्षेत्रों में मोबाइल कनेक्टिविटी और बेहतर होगी।
इसके लिए गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र के 13 स्थान पर नए मोबाइल टावर की स्थापना की जाएगी जिसकी स्वीकृति मिल गई है। गढ़वाल लोकसभा सांसद अनिल बलूनी ने केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात कर उनका आभार जताया है। इस दौरान अनिल बलूनी ने केंद्रीय मंत्री को अवगत करवाया की गढ़वाल क्षेत्र का अधिकांश भूभाग पर्वतीय एवं दुर्गम है कई क्षेत्रों में आज भी भौगोलिक परिस्थितियों के कारण मोबाइल व इंटरनेट कनेक्टिविटी के क्षेत्र में चुनौतियां बनी रहती हैं।
गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने केंद्रीय संचार मंत्री से आवश्यकता के अनुरूप चमोली, रुद्रप्रयाग, पौड़ी और टिहरी गढ़वाल के करीब 92 स्थान पर भी नए मोबाइल टावर स्थापित करने का आग्रह किया है जिस पर केंद्रीय मंत्री ने सकारात्मक रुख दिखाया है और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया है। गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी का कहना है कि गढ़वाल के विकास व जन सुविधाओं के विस्तार के लिए हमारा प्रयास लगातार जारी रहेगा।
दरअसल गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र का ज्यादातर इलाका पर्वतीय व विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाला होने के चलते मोबाइल कनेक्टिविटी की बड़ी दिक्कतें रहती हैं। अधिकांश स्थान पर मोबाइल इंटरनेट कनेक्टिविटी की बड़ी चुनौती बनी रहती है। लंबे समय से इन क्षेत्रों में मोबाइल कनेक्टिविटी को और बेहतर करने की मांग चली आती रही है। लिहाजा नए मोबाइल टावर लगने के बाद से मोबाइल व इंटरनेट कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी।
चारधाम यात्रा मार्ग के कारण से भी इस क्षेत्र में बेहतर मोबाइल कनेक्टिविटी की जरूरत और बढ़ जाती है। हम आपको बता दें कि चाहे रोड कनेक्टिविटी की बात हो, मोबाइल कनेक्टिविटी की बात हो, दुर्गम व सीमांत क्षेत्र के बच्चों को स्कूल सुविधा देने की बात हो या फिर विकास से जुड़े अन्य विषय हों, गढ़वाल लोकसभा सांसद अनिल बलूनी गढ़वाल क्षेत्र के मुद्दों को केंद्र में बखूबी न सिर्फ उठा रहे हैं बल्कि उनका समाधान निकाल योजना को धरातल पर भी उतार रहे हैं।

