देहरादून : गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने पीपलकोटी टनल में चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। खराब मौसम के बावजूद सांसद अनिल बलूनी पीपलकोटी पहुंचे और टनल में चल रहे रेस्क्यू ऑपेरशन का जायजा लिया। इस दौरान गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जब तक सभी श्रमिकों को सुरक्षित बाहर नहीं निकाला जाता है तब तक राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी स्तर पर कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। गढ़वाल सांसद ने इस दुःखद हादसे में जिन श्रमिकों का निधन हुआ है उनके प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की है,कहा भगवान बद्री विशाल से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
टनल में चल रहे राहत बचाव कार्यों के निरीक्षण के बाद सांसद अनिल बलूनी ने गोपेश्वर जिला अस्पताल पहुंचकर घायल श्रमिकों का कुशलक्षेम जाना और अस्पताल प्रशासन व चिकित्सकों से घायलों के स्वास्थ्य और उपचार की स्थिति की जानकारी ली। सांसद बलूनी ने अस्पताल प्रशासन एवं चिकित्सकों को निर्देशित किया कि सभी घायल श्रमिकों को बेहतर चिकित्सा सुविधा, विशेषज्ञ चिकित्सकीय देखरेख और आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जाए। उपचार में किसी भी प्रकार की कोई कमी नहीं रहनी चाहिए दवाइयां व आवश्यक जांच, भोजन व अन्य चिकित्सा सुविधाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
सांसद बलूनी ने कहा कि घायल श्रमिकों एवं उनके परिजनों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रभावित श्रमिकों एवं उनके परिजनों की आवश्यकताओं का तत्काल संज्ञान लेते हुए उन्हें हर संभव सहयोग प्रदान किया जाए। सांसद बलूनी ने कहा कि राहत एवं बचाव कार्य पूर्ण होने तक प्रशासन और संबंधित सभी एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखा जाएगा और श्रमिकों की सुरक्षा एवं उपचार में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होने दी जाएगी।

