देहरादून : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। इस टीम के ऊपर 2027 के विधानसभा चुनाव का पूरा दरोमदार होगा। जहां एक तरफ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने अपनी टीम में कई बड़े बदलाव कर पुराने चेहरों को बदल डाला है और नए और युवा चेहरों को तरजीह दी है तो वहीं मीडिया विभाग को ज्यादा नहीं छेड़ा गया। बीजेपी के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान को लगातार तीसरी बार बीजेपी के प्रदेश मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है । यह अपने आप में बड़ी बात है कि मनवीर चौहान को लगातार तीसरी बार भाजपा प्रदेश मीडिया की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो न सिर्फ उनके कामकाज पर मुहर लगाता बल्कि ये भी दर्शाता है कि प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मनवीर चौहान पर भरोसा जताया है और इसीलिए 2027 के चुनाव के मध्येनजर एक बार फिर से मनवीर चौहान को प्रदेश मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है।
दरअसल पूर्व में पत्रकार रहे मनवीर चौहान का यह भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी का तीसरा कार्यकाल होगा । अखिल भारतीय विधार्थी परिषद से पार्टी में सक्रिय मनवीर चौहान को अब एक बार फिर पार्टी ने उन्हें तीसरी बार मीडिया प्रभारी का दायित्व सौंपा है। उसकी वजह रही कि हर बार विपक्ष के हमलों के बाद सरकार की ढाल बने चौहान, संगठन और सरकार की उम्मीदों पर खरे उतरते रहे हैं। वहीं उनके नेतृत्व में मीडिया में पार्टी का प्रदर्शन भी बेहतर रहा है। संगठन में सामंजस्य और सीएम से नजदीकी का उन्हे लाभ मिला है और इसी को उनकी तीसरी बार नियुक्ति का प्रमुख आधार माना जा रहा है। खबरें हैं कि सीएम धामी भी मनवीर चौहान के पक्ष में थे जिसका फायदा मनवीर चौहान को तीसरी बार मीडिया प्रभारी बनकर मिला।
संगठन से लेकर सरकार के कामकाज की जानकारी साझा करने के साथ ही पार्टी संगठन के पक्ष को मजबूती से रखने में मनवीर चौहान के कामकाज पर भाजपा अध्यक्ष ने भी मुहर लगाई है। 2022 विधानसभा चुनाव , 2024 लोकसभा चुनाव में बेहतर कार्य के लिए इस बार की नियुक्ति को बड़ी वजह माना जा रहा। यही वजह है कि आगामी चुनाव के मध्येनजर अपनी टीम तैयार करते हुए प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने मनवीर चौहान पर भरोसा जताया है और उन्हें प्रदेश मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
राजेन्द्र नेगी रिपीट, बनाये गए प्रदेश मीडिया सह संयोजक
प्रदेश मीडिया संयोजक के अलावा चार सह संयोजक भी बनाए गए हैं जिसमें राजेन्द्र नेगी को भी रिपीट किया गया है। मौजूदा वक्त में राजेंद्र नेगी सह मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी निभा रहे हैं , और अब उन्हें प्रदेश मीडिया सह संयोजक की जिम्मेदारी सौंप दी गई है। मनवीर चौहान की मीडिया टीम में राजेंद्र नेगी अहम जिम्मेदारी में रहे हैं।



