गढ़वाल लोकसभा सांसद अनिल बलूनी ने गुरुवार को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। इस दौरान सांसद अनिल बलूनी ने गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र में अतिवृष्टि और बादल फटने के कारण राजमार्गों को हुए नुकसान , उनके पुननिर्माण को लेकर चर्चा की। इस बैठक में NHAI चेयरमैन के साथ-साथ सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के सभी वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
सांसद अनिल बलूनी ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को अतिवृष्टि के कारण पौड़ी के कलगड़ी स्थित 20 मीटर के स्टील ट्रस ब्रिज के पूरी तरह से नष्ट हो जाने की जानकारी दी , साथ ही इस ब्रिज को जल्द बनाए जाने का आग्रह भी किया ताकि आम नागरिकों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके अलावा सुकई एवं जैतोली में भी क्षतिग्रस्त हुए मार्गों का जल्द से जल्द पुनर्निर्माण करवाने की मांग की।
सांसद अनिल बलूनी ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को चमोली जिले के तपोवन से आगे सलधार में अतिवृष्टि के कारण चीन सीमा से जोड़ने वाले हाईवे के करीब 20 मी हिस्से के पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने के बारे में भी अवगत कराया। सांसद अनिल बलूनी ने अनुरोध किया कि इन सभी मार्गों को आवागमन के लिए सुचारू करने के लिए जल्द से जल्द बनवाया जाए। सांसद अनिल बलूनी के अनुरोध पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने अधिकारियों को इन मार्गों के तत्काल पुनर्निर्माण के संबंध में निर्देश दिए।




