देहरादून : 17 जुलाई को देशभर के 75 पुनर्विकसित अमृत भारत रेलवे स्टेशनों के लोकार्पण के साथ भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण की दिशा में एक और ऐतिहासिक अध्याय जुड़ने जा रहा है। इस गौरवपूर्ण अवसर पर हरिद्वार संसदीय क्षेत्र के हर्रावाला रेलवे स्टेशन का भी लोकार्पण किया जाएगा, जो देवभूमि उत्तराखंड के लिए गर्व का विषय है।
हरिद्वार लोकसभा के सांसद एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने इस ऐतिहासिक अवसर पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह ‘विकसित भारत’ के संकल्प को गति देने वाला एक दूरदर्शी और परिवर्तनकारी कदम है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवम् केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के नेतृत्व में भारतीय रेलवे आज आधुनिकता, सुरक्षा, स्वच्छता और विश्वस्तरीय यात्री सुविधाओं के नए मानक स्थापित कर रही है। अमृत भारत स्टेशन योजना के माध्यम से देशभर के रेलवे स्टेशनों को आधुनिक स्वरूप प्रदान कर उन्हें स्थानीय संस्कृति, विरासत और विकास की पहचान से जोड़ा जा रहा है।
सांसद त्रिवेन्द्र रावत ने कहा कि हर्रावाला रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास देहरादून एवं हरिद्वार संसदीय क्षेत्र के लाखों यात्रियों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। साथ ही यह उत्तराखंड में पर्यटन, व्यापार, निवेश और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति प्रदान करेगा।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में उत्तराखंड में सड़क, रेल, हवाई और डिजिटल कनेक्टिविटी का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। केंद्र सरकार की विकासोन्मुखी नीतियों का लाभ आज प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है और उत्तराखंड विकास के नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है।
सांसद त्रिवेन्द्र रावत ने कहा कि हर्रावाला क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही आधुनिक एवं बेहतर रेलवे स्टेशन की बहुप्रतीक्षित मांग अब पूरी होने जा रही है। यह मेरे लिए अत्यंत हर्ष और संतोष का विषय है। हर्रावाला रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास से क्षेत्र के विकास, पर्यटन और रोजगार के नए अवसरों को भी गति मिलेगी।




