प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 अप्रैल को एक बार भी देवभूमि उत्तराखंड आ रहे हैं। पीएम मोदी ऋषिकेश में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे और भाजपा प्रत्याशियों को जीत के मूल मंत्र भी देंगे।
लोकसभा चुनाव के मध्येनजर देवभूमि में पीएम मोदी की ये दूसरी जनसभा है। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रुद्रपुर में चुनावी जनसभा की थी जिसके जरिए कुमाऊं मंडल की दो लोकसभा सीटों अल्मोड़ा व नैनिताल में चुनावी शंखनाद किया। और अब पीएम मोदी 11 अप्रैल को ऋषिकेश आ रहे हैं। यहां से पीएम मोदी गढ़वाल मंडल की तीन लोकसभा सीटों को साधने की कोशिश करेंग, जिसमें हरिद्वार लोकसभा सीट, पौड़ी लोकसभा व टिहरी लोकसभा सीट शामिल हैं।
दरअसल भाजपा के चुनावी रणनीतिकारों ने ऋषिकेश को इसलिए भी चुना है क्योंकि ऋषिकेश एक ऐसा नगर है जो कि पौडी, हरिद्वार और टिहरी तीनों की लोकसभा सीटों से सटा हुआ है और यहां से तीनों लोकसभा सीटों में पीएम मोदी अपना संदेश देंगे।
धार्मिक एवं आध्यात्मिक नगरी है ऋषिकेश, यहीं से पहाड़ चढ़ रही उम्मीदों की ट्रेन
यूं तो ऋषिकेश ऋषि मुनियों की तपस्थली के तौर पर भी अपनी एक अलग पहचान रखता है और यही से मां गंगा मैदानी इलाकों में प्रवेश करती है लिहाजा धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व से तो ऋषिकेश अपने आप में अहमियत रखता ही है लेकिन साथ ही चारधाम यात्रा का अहम पड़ाव होने के अलावा पहाड़ पर उम्मीदों की नई ट्रेन भी यहीं से पहाड़ चढ़ाई जा रही है। ऋषिकेश कर्णप्रयाग रेल लाईन की शुरुआत भी ऋषिकेश से ही हुई है जो कि कर्णप्रयाग तक जाएगी और इसमें काफी हद तक काम भी हो चुका है। लिहाजा ऋषिकेश का अपना महत्व और भी बढ़ जाता है। इसके अलावा चारधाम यात्रा मार्ग की भी यहीं से शुरुआत होती है।
हरिद्वार से त्रिवेंद्र, पौड़ी से बलूनी व टिहरी से माला राजलक्ष्मी शाह को मिलेगी पीएम के दौरे से ऊर्जा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ऋषिकेश जनसभा का असर हरिद्वार , पौड़ी और टिहरी लोकसभा सीट पर पड़ना तय माना जा रहा है। हरिद्वार लोकसभा सीट से बीजेपी के प्रत्याशी पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत चुनाव मैदान में है , तो पौड़ी लोकसभा सीट से अनिल बलूनी चुनाव मैदान में है वहीं टिहरी लोकसभा सीट से माला राजलक्ष्मी शाह चुनाव लड़ रही है। गढ़वाल मंडल के ऋषिकेश में हो रही पीएम मोदी की जनसभा के जरिए तीनों लोकसभा सीटों पर संदेश जाएगा।




