देहरादून : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को उत्तराखंड के दौरे पर रहे। इस दौरान पीएम मोदी ने उत्तराखंड में आई आपदा से हुए नुकसान की समीक्षा की। इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रभावितों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और अतिवृष्टि के कारण हुए जानमाल के नुकसान के प्रति गहरा दुख व्यक्त किया।
गढ़वाल लोकसभा सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रभावितों की पीड़ा सुनकर काफी भावुक हो गए व अत्यंत पीड़ा की इस घड़ी में हर आपदा पीड़ित के घाव पर मरहम लगाते हुए प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड के लिए 1200 करोड़ रुपए की विशेष आर्थिक सहायता की घोषणा की। साथ ही, उन्होंने मृतकों के परिवारों के लिए 2 लाख रुपये और घायलों के लिए 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि की भी घोषणा की।
सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि उन्होंने अतिवृष्टि एवं भूस्खलन के कारण अनाथ हुए बच्चों के लिए पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन योजना के तहत व्यापक सहायता की भी घोषणा की। पीएम मोदी का आभार जताते हुए सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि ‘उत्तराखंड के हर नागरिक की ओर से मैं अपने प्रधानमंत्री जी का आभारी हूं। आपदा की इस घड़ी में उनके द्वारा उठाए गए ये कदम पीड़ित परिवारों को कष्ट सहने में बड़ा संबल प्रदान करेंगे।’
उन्होंने कहा कि पीड़ित लोगों से बात करते हुए उन्हें आश्वस्त किया कि संकट की इस घड़ी में वे चट्टान की तरह उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार राहत एवं बचाव कार्यों में तत्परता से लगी हुई है। हर पीड़ित व्यक्ति तक राहत पहुंचाना भाजपा सरकार की प्राथमिकता है। हमारी सरकार इसके लिए हरसंभव कदम उठा रही है।
पीएम मोदी ने आपदा के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों में लगे एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के जवानों से भी बातचीत की और राहत-बचाव की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने NDRF और SDRF के जवानों को अपनी जान की भी परवाह नहीं करते हुए पूरी मुस्तैदी से राहत एवं बचाव कार्यों के लिए साधुवाद दिया।




