कोटद्वार (गढ़वाल) : शिक्षक दिवस के अवसर पर गढ़वाल लोकसभा सांसद अनिल बलूनी ने कोटद्वार में आयोजित “वीर चंद्र सिंह गढ़वाली शिक्षक सम्मान समारोह” में शिरकत की। बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम में पहुंचे गढ़वाल लोकसभा सांसद अनिल बलूनी ने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया।
इस अवसर पर गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षा देने का कार्य नहीं करते हैं बल्कि वह नई पीढ़ी के चरित्र, संस्कार और व्यक्तित्व का निर्माण भी करते हैं। उनके मार्गदर्शन से विद्यार्थी ज्ञान के साथ अनुशासन, कर्तव्य बोध और जीवन मूल्यों को आत्मसात करते हैं इसलिए शिक्षक का सम्मान वास्तव में समाज और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान का सम्मान है।
सांसद बलूनी ने कहा कि “वीर चंद्र सिंह गढ़वाली” जैसे महान सपूत के नाम पर आयोजित यह शिक्षक सम्मान समारोह उत्तराखंड की गौरवशाली परंपरा और शिक्षकों के प्रति समाज की कृतज्ञता का प्रतीक है। वीर चंद्र सिंह गढ़वाली ने अपने साहस, राष्ट्रभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा से देश और समाज को प्रेरणा दी। उनके नाम पर शिक्षकों को सम्मानित किया जाना विशेष रूप से गौरव का विषय है।
गढ़वाल सांसद ने कहा कि एक शिक्षित, संस्कारित और जागरूक समाज ही सशक्त राष्ट्र की मजबूत नींव रखता है। शिक्षकों का समर्पण और निरंतर परिश्रम देश की भावी पीढ़ी को दिशा देने के साथ विकसित भारत के संकल्प को भी मजबूती प्रदान करता है।
अनिल बलूनी ने शिक्षक दिवस पर देश और प्रदेश के सभी शिक्षकों को हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए उनके अटूट समर्पण, निरंतर परिश्रम और राष्ट्र निर्माण में अमूल्य योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। इस दौरान सम्मान समारोह में उपस्थित शिक्षकों व नागरिकों ने गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी का अभिनंदन करते हुए शिक्षक सम्मान समारोह के आयोजन को शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता की महत्वपूर्ण पहल बताया।
इसके साथ ही गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने बाबा सिद्धबली धाम में पूजा अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

