हरिद्वार लोकसभा क्षेत्र से सांसद , पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को एक पत्र लिखा है। सांसद त्रिवेंद्र रावत ने हरिद्वार में हेलीपोर्ट निर्माण के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध करवाने के संबंध में पत्र लिखा है। पत्र में हरिद्वार में हेलीपोर्ट निर्माण के संबंध में मौजूदा स्थिति से अवगत करवाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करने का अनुरोध किया गया है।
दरअसल हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने 27 मार्च 2025 को संसद में हरिद्वार में हेलीपोर्ट के निर्माण के संबंध में प्रश्न उठाया था। जिसके लिखित जवाब में केंद्रीय नागर विमानन व सहकारिता राज्य मंत्री मुरलीधर मोहल ने जानकारी दी थी कि राज्य सरकार द्वारा उपयुक्त स्थान के चयनीकरण और भूमि आवंटन के बाद हेलिपोर्ट का विकास उड़ान योजना के प्रावधानों के अनुसार किया जा सकता है। केंद्रीय राज्य मंत्री द्वारा सांसद त्रिवेंद्र रावत को लिखे पत्र में सूचित किया गया था कि आरसीएस उड़ान योजना के तहत बोली के दूसरे दौर के दौरान हरिद्वार हेलीपैड को आरसीएस उड़ानों के परिचालन के लिए विकसित करने हेतु चिन्हित किया गया था। उत्तराखंड राज्य सरकार हरिद्वार में हेलीपोर्ट के विकास के लिए उपयुक्त स्थल को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया में है। राज्य सरकार द्वारा उपयुक्त स्थान के चयनिकरण और भूमि आवंटन के पश्चात हेलीपोर्ट का विकास उड़ान योजना के प्रावधानों के अनुसार किया जा सकता है।
अब पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने इस संबंध में मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर जानकारी चाही है।




