देहरादून : मालवीय नगर होटल अग्निकांड की घटना के बाद गिरफ्तार किए गए शेफ केसर सिंह नेगी ने गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी से मुलाकात की। इस दौरान शेफ केसर सिंह नेगी के परिजन भी उनके साथ रहे। जमानत मिलने के बाद शेफ केसर सिंह नेगी ने अपने परिजनों के साथ गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी से उनके निवास स्थान पर जाकर मुलाकात की।
इस अवसर पर गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि कठिन परिस्थितियों में किसी भी नागरिक को न्याय दिलाने का प्रयास जनप्रतिनिधि होने के नाते मेरा दायित्व है। उन्होंने कहा कि मेरा सदैव यह विश्वास रहा है कि प्रत्येक व्यक्ति को निष्पक्ष जांच, न्यायपूर्ण प्रक्रिया और अपनी बात रखने का पूरा अवसर मिलना चाहिए।
गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि “मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ कि सत्य शीघ्र सामने आए और न्याय की स्थापना हो। समाज में सुरक्षा, संवेदनशीलता और कानून के प्रति विश्वास सदैव सर्वोपरि रहना चाहिए”।
हम आपको बता दें कि मालवीय नगर होटल अग्निकांड में गिरफ्तार शेफ केसर सिंह नेगी के परिजनों ने पूर्व में भी गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी से मुलाकात की थी। इस दौरान गढ़वाल सांसद की ओर से उन्हें हर सम्भव मदद का भरोसा दिया गया था।




