देहरादून : बीजेपी के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी राम माधव नया दायित्व मिलने के बाद पहली बार शुक्रवार को देहरादून पहुंचे। उनके साथ सह प्रभारी बांसुरी स्वराज व अरविंद मेनन भी उत्तराखंड पहुंचे। पार्टी कार्यालय में आयोजित पार्टी पदाधिकारी बैठक में प्रदेश प्रभारी राम माधव ने कहा कि हमें एब्सल्यूट मेजॉरिटी नहीं बल्कि हाईएस्ट मेजोरिटी यानी 60 पार के लक्ष्य को हासिल करने के लिए आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि मोदी-धामी सरकार में अभूतपूर्व विकास हुआ है और अब इस संदेश को जन-जन तक पहुंचना है।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी राम माधव ने कहा कि साढ़े चार वर्ष एक संगठनात्मक कार्यकर्ता के रूप में सबने पार्टी को बहुत मजबूत किया है और अब शेष समय संगठन से राजनैतिक कार्यकर्ता की भूमिका में आकर कार्य करना है। उन्होंने कहा केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और प्रदेश की पुष्कर सिंह धामी सरकार ने प्रदेश का ऐतिहासिक एवं चौमुखी विकास किया है। लिहाजा अब राजनैतिक दृष्टि से पार्टी रणनीति को आगे बढ़ाते हुए चुनावों में एब्सोल्यूट मेजोरिटी नहीं बल्कि हाईएस्ट मेजोरिटी यानि 60 पार के लिए काम करना है। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर कार्यक्रमों का राजनीतिक संदेश जन-जन के बीच पहुंचना चाहिए।सरकार के विकास एवं जनकल्याण कार्यों को जनता के बीच ले जाएं, लेकिन विपक्ष की कमजोरी और नकारात्मक मंशा को भी उजागर करना जरूरी है। उन्होंने कहा अभी बहुत सारे राज्य ऐसे हैं जहां भाजपा लगातार तीन बार जीती है, और हमको ऐसा आठवां राज्य बनकर दिखाना है। जिसके लिए हम सबको हमेशा की तरह पहली बार चुनाव लड़ने की मानसिकता और पहली बार जीतने की मानसिकता से चुनाव में जाना है।
इस दौरान बैठक में सह प्रभारी बांसुरी स्वराज ने कहा कि अब वह समय आ गया है कि जब हमें अपने सरकार का रिपोर्ट कार्ड लेकर चुनाव में जाना है। जिसके लिए हमें एकजुटता से पार्टी के कार्यक्रमों को प्रभावी बनाना है। उन्होंने कहा प्रदेश का जनमानस भाजपा को तीसरी बार अपना आशीर्वाद देने के लिए तैयार है लिहाजा हम सब का भी लक्ष्य होना चाहिए तीसरी बार भाजपा सरकार। उन्होंने कहा कि देश को धर्म, क्षेत्र और जाति में बांटने के बाद एक और राजनीति आगे बढ़ रही है वह है युवाओं को उम्र में बांटने की। कभी कोई कॉकरोच पार्टी बनकर लीड करने की कोशिश करता है, कोई आम आदमी बनकर और तो कोई कांग्रेस का ऐसा नेता है जो अगले चार वर्षों में सीनियर सिटीजन बनने वाला है। इन सबके नाम अलग हैं, लेकिन सबकी आत्मा देश विरोधी, सनातन विरोधी भावना से भरी हुई है।
इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा, भाजपा की सबसे बड़ी ताकत कार्यकर्ता है, हम सबको उसके नेतृत्व में घर-घर जाना है। जो भी कुछ हमने संगठन के लिए अब तक किया, अब उसकी राजनीतिक परीक्षा का समय आ गया है। संगठन में दो तरफा संवाद और प्रभावी होना चाहिए, प्रदेश का निर्णय बूथ-बूथ तक पहुंचाकर स्थापित होना चाहिए और बूथों की हर समस्या का समाधान हम सबको करना चाहिए। उन्होंने हम सबको अपनी उपस्थिति जनता के बीच और अधिक बढ़ानी है, क्योंकि सरकार और संगठन के कार्यों के मूल्यांकन का समय आ गया है। शहर से गांव तक उत्तराखंड के विकास मॉडल की चर्चा होनी चाहिए।
इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री संगठ फणींद्रनाथ शर्मा ने कहा कि चुनाव में जीत के दो मूल मंत्र “मेरा बूथ सबसे मजबूत और बूथ जीता, चुनाव जीता पर हमें फोकस रहना है”। उन्होंने कहा, असम, बंगाल, बिहार, महाराष्ट्र सभी जगह हमने उम्मीद से बढ़कर सफलता हासिल की है और ऐसा ही परिणाम हमे उत्तराखंड में लेकर आना है, वो ऐसा हो कि विपक्ष को सोचना पड़े कि हम राजनीति करें या नहीं। उन्होंने कहा 27 के चुनाव में बहुमत आना तय है लेकिन ये हमारी मेहनत पर निर्भर है कि साधारण बहुमत 36 को पलटकर कैसे 63 में बदला जाए।




