देहरादून : हरिद्वार लोकसभा सांसद एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड प्रकरण में उत्तराखंड निवासी केशव नेगी की गिरफ्तारी के संबंध में कहा है कि मामले की निष्पक्ष, गहन एवं पारदर्शी जांच सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि सत्य सामने आ सके और किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय न हो।
सांसद त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने बताया कि इस विषय पर उनकी एवं गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी की दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से विस्तृत वार्ता हुई है। अधिकारियों से स्पष्ट रूप से कहा गया है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जाए तथा जांच प्रक्रिया पूर्णतः निष्पक्ष और तथ्यों पर आधारित हो।
उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के लोग देश-विदेश में अपनी ईमानदारी, मेहनत, कर्मठता और संस्कारों के लिए जाने जाते हैं। उत्तराखंड के लाखों युवा विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा और परिश्रम से प्रदेश एवं देश का नाम रोशन कर रहे हैं। ऐसे में किसी भी मामले में अंतिम सत्य सामने आने से पहले किसी व्यक्ति को अपराधी घोषित करना प्रदेश की छवि को धूमिल करने का प्रयास है।
पूर्व सीएम त्रिवेन्द्र रावत ने कहा कि यदि केशव नेगी निर्दोष हैं तो उन्हें न्याय दिलाने के लिए हरसंभव कानूनी सहयोग प्रदान किया जाएगा और इस पूरी प्रक्रिया में उनके साथ मजबूती से खड़ा रहा जाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कानून एवं न्याय व्यवस्था के माध्यम से सत्य अवश्य सामने आएगा।
उन्होंने कहा कि हमारा स्पष्ट मत है कि यदि कोई दोषी है तो उसे कानून के अनुसार दंड अवश्य मिलना चाहिए, लेकिन यदि कोई निर्दोष है तो उसे न्याय मिलना भी उतना ही आवश्यक है। देवभूमि उत्तराखंड के सम्मान, सत्य और न्याय की रक्षा के लिए हम सदैव प्रतिबद्ध हैं।




