देहरादून : देश की सबसे बड़ी परीक्षा में से एक नीट-यूजी 2026 को रद्द कर दिया गया है। कथित पेपर लीक के आरोप व जांच के बाद परीक्षा रद्द की गई है। अब ये परीक्षा दोबारा से होगी। इस परीक्षा को लेकर कई तरह के सवाल खड़े हो रहे थे। परीक्षा रद्द किये जाने के साथ ही इसकी जांच अब सीबीआई को सौंप दी गई है। अब सीबीआई इसकी गहन जांच करेगी। अपने आप में ये बड़ी बात है कि देश की एक बड़ी परीक्षा को भी लीक होने से नहीं बचाया जा सका। अब सीबीआई तह तक पहुंचेगी कि आखिर प्रश्न बाहर कैसे आये और कैसे सोशल मीडिया में पहुंचे।
सीबीआई ने भी इसमें केस दर्ज कर दिया है। भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग से प्राप्त लिखित शिकायत के आधार पर, सीबीआई ने NEET-UG 2026 परीक्षा के संचालन में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के संबंध में आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात, चोरी और सबूत नष्ट करने के अपराधों के लिए बीएनएस के तहत, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत और सार्वजनिक परीक्षा में अनुचित साधनों की रोकथाम अधिनियम 2024 के तहत अपराध दर्ज किए हैं।
शिकायत में उल्लेख किया गया है कि NEET UG – 2026 परीक्षा राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) द्वारा 03.05.2026 को आयोजित की गई थी। यह भी आरोप लगाया गया है कि एनटीए को NEET (UG) – 2026 परीक्षा से संबंधित कुछ दस्तावेजों के परीक्षा आयोजित होने से पहले अनधिकृत रूप से प्रसारित होने की सूचना प्राप्त हुई थी।
ये आरोप परीक्षा प्रक्रिया की पवित्रता और अखंडता से समझौता होने की आशंका दर्शाते हैं। सीबीआई ने कथित अनियमितताओं की प्रकृति और सीमा के साथ-साथ उनसे जुड़े व्यक्तियों और संस्थाओं की संलिप्तता का पता लगाने के लिए मामले की व्यापक जांच शुरू कर दी है। सीबीआई की विशेष टीमें गठित कर जांच के लिए विभिन्न स्थानों पर भेजी गई है।




