देहरादून : दून नगर निगम महापौर सौरभ थपलियाल ने शुक्रवार को कैंट विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत वार्ड 37 पंडितवाड़ी में सामुदायिक भवन का उद्घाटन किया। देहरादून नगर निगम द्वारा निर्मित सामुदायिक भवन को स्थानीय लोगों को समर्पित करते हुए मेयर सौरभ थपलियाल ने किया कि दूनवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं मुहैया करवाना नगर निगम की प्राथमिकता में शामिल है।
मेयर सौरभ थपलियाल ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य शहर के प्रत्येक वार्ड में नागरिक सुविधाओं को मजबूत करना एवं स्थानीय निवासियों को सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि इस सामुदायिक भवन के निर्माण से क्षेत्रवासियों को विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों, बैठकों एवं जनहित से जुड़े आयोजनों के लिए एक सुव्यवस्थित स्थान प्राप्त होगा।
मेयर सौरभ थपलियाल ने कहा कि शहर की स्वच्छता के साथ ही दूनवासियों को बेहतर सुविधाएं मिले इसके लिए नगर निगम योजनाबद्ध तरीके से काम कर रहा है। हर वार्ड को साफ स्वच्छ रखने के साथ ही उसे आदर्श वार्ड बनाना निगम की प्राथमिकता में शामिल है।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिकों एवं क्षेत्रवासियों ने सामुदायिक भवन के निर्माण हेतु मेयर एवं नगर निगम प्रशासन का आभार जताया।लोगों ने कहा कि इस भवन के बनने से क्षेत्र में सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा लोगों को सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा।




