नई दिल्ली/देहरादून : गढ़वाल लोकसभा सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी ने मंगलवार को केंद्रीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव से मुलाकात की। इस दौरान गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत रामनगर रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण एवं यहाँ से संचालित होने वाली रेल सेवाओं को लेकर विस्तार से बातचीत की।
मुलाकात की जानकारी साझा करते हुए गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि रेल मंत्री ने रामनगर रेलवे स्टेशन के पहाड़ी शैली में निर्माण व सौंदर्यीकरण पर सकारात्मक सहमति व्यक्त की, साथ ही यहाँ से नई रेल सेवाओं के संचालन को लेकर भी गहन विमर्श हुआ।
इस संबंध में विभाग द्वारा शीघ्र ही समस्त मांगों पर औपचारिक प्रक्रिया के तहत आवश्यक जानकारी साझा की जाएगी। यह पहल गढ़वाल लोक सभा क्षेत्र की जनता की वर्षों पुरानी मांगों को पूरा करने एवं उन्हें आधुनिक, सुरक्षित और सुविधाजनक रेल सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।



