देहरादून : गढ़वाल लोकसभा सांसद अनिल बलूनी ने मंगलवार को गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत चमोली जिले के आपदाग्रस्त क्षेत्र नंदानगर घाट का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान सांसद अनिल बलूनी ने प्रभावित लोगों से मुलाकात भी की। जहां एक तरफ प्रभावितों ने सांसद अनिल बलूनी को अपनी समस्याएं बताई तो वहीं सांसद बलूनी ने प्रभावितों को ढांढस बंधाया और उनके दुख दर्द बांटे। गढ़वाल सांसद ने प्रभावितों को आश्वस्त किया कि उनकी जो भी समस्याएं हैं उनका शीघ्र निदान किया जाएगा।
दरअसल चमोली जिले के नंदानगर घाट क्षेत्र में आपदा से भारी नुकसान हुआ है। भीषण अतिवृष्टि के चलते मलवा आने से रिहायशी इलाके के साथ ही कृषि भूमि को भारी नुकसान हुआ है। इस दौरान सांसद अनिल बलूनी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी भी ली साथ ही स्वयं भी हालत का पूरा जायजा लिया और प्राथमिकता के आधार पर प्रभावितों की मूलभूत सुविधाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार प्रभावित नागरिकों की सहायता और सुरक्षा के लिए तत्परता के साथ कार्य कर रही है।




