देहरादून : उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री व हरिद्वार लोकसभा सीट से भाजपा के सांसद त्रिवेंद्र रावत प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों पर मुखर नज़र आ रहे हैं। प्रदेश से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सांसद त्रिवेंद्र रावत ने बेबाकी से मीडिया के सवालों का जवाब दिया। खास तौर से कानून व्यवस्था से जुड़े हाल ही में प्रकाश में आये मामलों को लेकर सांसद त्रिवेंद्र रावत ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। चाहे पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के भांजे से धोखाधड़ी का मामला हो या फिर एक अन्य धोखाधड़ी का मामला जिसपर खुद सांसद त्रिवेंद्र रावत ने पुलिस महानिदेशक को पत्र लिख कड़ी कानूनी कारवाई करने को लिखा था। दोनों ही मामलों में सांसद त्रिवेंद्र रावत ने गहरी नाराजगी भी जताई है। पूर्व सीएम त्रिवेंद्र रावत ने कहा कि इस तरह की और भी कई शिकायतें उनके पास आई हैं और ऐसे मामलों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। पूर्व सीएम तीरथ रावत के भांजे से हुए धोखाधड़ी मामले में सांसद त्रिवेंद्र रावत ने कहा कि ‘मैं मुख्यमंत्री जी से कहना चाहूंगा कि इसको गंभीरता से लेने की जरूरत है और जिन भी अधिकारियों ने लापरवाही की है उन्हें आड़े हाथ लेने की जरूरत है।’ इसके साथ ही पौड़ी के युवक द्वारा आत्महत्या के मामले में पूर्व सीएम त्रिवेंद्र रावत ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। इस मामले में भाजपा युवा मोर्चा के एक नेता पर आरोप लगे जिसे तत्काल पार्टी से हटा दिया गया है। सांसद त्रिवेंद्र रावत ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता पार्टी का आवरण होता है और उससे पार्टी का संदेश भी जाता है। ऐसे लोगों को पदों पर बिठाने से बचा जाना चाहिए ।
गैरसैंण में हुए सत्र को लेकर बोले त्रिवेंद्र , विपक्ष की भूमिका पर उठाए सवाल बोले विपक्ष का वेल में सोना एक बदनुमा दाग समान
हाल ही गैरसैण में हुए सत्र जिसमें विपक्ष रात्रि को वेल में ही सो गया था पर टिप्पणी करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत ने इसे एक बदनुमा दाग समान करार दिया। सदन में विपक्ष की भूमिका पर भी सांसद त्रिवेंद्र रावत ने सवाल खड़े किए। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि कोशिश करनी चाहिए कि जितने दिन का सदन रहता है इतने दिन तक सदन चले। त्रिवेंद्र रावत ने कहा कि उत्तराखंड राज्य की अवधारणा पर्वतीय राज्य की है यह आंखों से ओझल नहीं होनी चाहिए।
हरक सिंह रावत को भी दिया जवाब कहा अपने को असुरक्षित महसूस करते हैं।
वहीं भाजपा के पार्टी फंड को लेकर पूर्व कैबिनेट मंत्री कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत के बयान पर सांसद त्रिवेंद्र रावत ने कहा कि हरक सिंह रावत खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। सहयोग निधि के तहत जो भी धनराशि एकत्र होती है चेक के माध्यम से होती है और ये पूरा ऑन रिकॉर्ड है। उस दौरान 27 करोड़ की धनराशि एकत्रित हुई थी और सारी चेक के माध्यम से ली गयी। इसका पूरा ऑडिट होता है। हर सिंह रावत थोड़ा ज्यादा बोल गए।




