रुद्रप्रयाग: मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने सोमवार को केदारनाथ धाम पहुंचकर केदारनाथ पुनर्निर्माण एवं पुन:विकास कार्यों के मास्टर प्लान के फेस 2 के तहत 21 प्रोजेक्टस की प्रगति की समीक्षा की. मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने आस्था पथ, गेस्ट हाउस, मंदाकिनी और सरस्वती घाट, म्यूजियम, केदारनाथ मंदिर परिसर, शिव उद्यान और हॉस्पिटल सहित अन्य निर्माणाधीन कार्यों का जायजा लेते हुए तय डेडलाइन से पहले सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए.
मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने सबसे पहले जिलाधिकारी और लोनिवि के अधिकारियों से वर्तमान में गतिमान पुनर्निर्माण एवं विकास कार्यों की जानकारी ली. इसके अलावा केदारनाथ मंदिर परिसर के सामने बन रहे भवनों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने संबंधित एजेंसियों और जिलाधिकारी से भवनों का उद्देश्य पूछा. वहीं सभी एजेंसियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए.
मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने भवनों के निर्माण में आ रही समस्याओं की जानकारी भी ली. जिलाधिकारी को अधिक संसाधनों का प्रयोग करते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाते हुए गोल चबूतरे से मंदिर परिसर तक कॉरिडोर का कार्य तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिए. इसके बाद उन्होंने रेन शेल्टर, मंदाकिनी और सरस्वती नदी के घाट पर चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए पूरे क्षेत्र में क्या व्यवस्थाएं और सुविधा दी जाएंगी, उसकी जानकारी ली. उन्होंने सभी अधिकारियों एवं संबंधित एजेंसियों को निर्माण कार्यों में इस्तेमाल हो रही सामाग्री की जानकारी लेते हुए गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखने के निर्देश भी दिए.




