देहरादून: लोकसभा चुनाव के मध्येनजर बीजेपी ने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। उत्तराखंड लोकसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने 40 स्टार प्रचारक बनाए हैं, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी , भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा , रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह , गृहमंत्री अमित शाह और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का नाम शामिल है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी बीजेपी के स्टार प्रचारक हैं। अब बहुत जल्द बीजेपी स्टार प्रचारकों को भी चुनाव मैदान में उतारने जा रही है। अभी तक की जानकारी के मुताबिक मौजूदा वक्त में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उत्तराखंड में दो जनसभाएं प्रस्तावित हैं। एक जनसभा देहरादून में तो दूसरी कुमाऊं के रुद्रपुर में करवाई जा सकती है। देहरादून की जनसभा के जरिए बीजेपी पूरे प्रदेश भर में संदेश देने की कोशिश करेगी।
अनिल बलूनी , त्रिवेंद्र रावत , अजय भट्ट भी स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल
बीजेपी ने जो स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है उसमें लोकसभा चुनाव लड़ रहे तीन प्रत्याशियों को भी स्टार प्रचारक बनाया गया है। पौड़ी लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में उतरे बीजेपी के प्रत्याशी अनिल बलूनी भी स्टार प्रचारक की सूची में शामिल है , वही हरिद्वार लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में उतरे पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत भी स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल है इसके अलावा नैनीताल लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे अजय भट्ट भी स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल है। लेकिन टिहरी लोकसभा सीट से बीजेपी की प्रत्याशी माला राज्यलक्ष्मी शाह और अल्मोड़ा लोकसभा सीट से बीजेपी के प्रत्याशी अजय टम्टा को स्टार प्रचारक की सूची में जगह नहीं मिली। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक , पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत व पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा भी बीजेपी के स्टार प्रचारक की सूची में है।
बीजेपी की सूची में पांच महिला स्टार प्रचारक भी शामिल
बीजेपी ने जो स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है उसमें पांच महिला स्टार प्रचारक भी शामिल हैं। बीजेपी ने स्मृति ईरानी को अपना स्टार प्रचारक बनाया है इसके अलावा हेमा मालिनी भी बीजेपी के स्टार प्रचारक की लिस्ट में शामिल है। उत्तराखंड से बीजेपी की राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी भी बीजेपी के स्टार प्रचारक की सूची में शामिल है इसके अलावा भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महामंत्री दीप्ति रावत और प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष आशा नौटियाल भी स्टार प्रचारक हैं।
चुनावी मोर्चे पर उतरेंगे स्टार प्रचारक करेंगे जनसभा रोडशो , बीजेपी तय कर रही कार्यक्रम
स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी होने के साथ ही अब भाजपा अपने स्टार प्रचारकों को चुनाव मैदान में उतारने की तैयारी में जुट गई है। इसके लिए बीजेपी जगह और परिस्थिति के हिसाब से स्टार प्रचारकों को चुनाव मैदान में उतारने की रणनीति पर काम कर रही है। पार्टी संगठन इस पर विचार कर रहा है कि किस स्टार प्रचारक को किस मोर्चे पर उतारा जाए। बीजेपी प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत पार्टी के वरिष्ठ स्टार प्रचारक चुनाव मैदान में उतरेंगे , जनसभा करेंगे।





