हरिद्वार: हरिद्वार लोकसभा सीट से बीजेपी के प्रत्याशी पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने आज लोकसभा चुनाव के लिए अपना ऑनलाइन नामांकन दाखिल किया। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, भाजपा विधायक मदन कौशिक व हरिद्वार लोकसभा के बीजेपी के चुनाव प्रभारी कुलदीप कुमार भी मौजूद रहे।
इसके अलावा हरिद्वार लोकसभा के बीजेपी के कार्यकर्ता भी इस दौरान भाजपा कार्यालय में मौजूद रहे। त्रिवेंद्र रावत बीजेपी के पहले प्रत्याशी हैं जिन्होंने ऑनलाइन नामांकन दाखिल किया। अब 26 मार्च को त्रिवेंद्र रावत ऑफलाइन नामांकन करेंगे। इस दौरान बीजेपी बड़ा कार्यक्रम भी करेगी। नामांकन के लिए जाने से पहले पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत ने अपने पित्रों का आशीर्वाद भी लिया।

धर्मपत्नी ने लगाया तिलक, तो बेटी ने मुंह मीठा करवाया
नामांकन के लिए जाने से पहले पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत ने जहां अपने पित्रों का आशीर्वाद लिया तो वहीं उनकी धर्मपत्नी ने उन्हें तिलक लगाया और बेटी ने मुंह मीठा करवाया। इसके बाद त्रिवेंद्र हरिद्वार के सियासी रण में अपना मोर्चा संभालने पहुंचे और हरिद्वार सीट से अपना नामांकन ऑनलाइन दर्ज करवाया।

बोले त्रिवेंद्र उत्तराखंड की पांचों सीट जीतेगी भाजपा, अबकी बार 400 पार : त्रिवेंद्र
पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने दावा किया है की उत्तराखंड की पांचो लोकसभा सीटें बीजेपी प्रचंड बहुमत से जीतेगी। पूर्व सीएम त्रिवेंद्र रावत का कहना की बीजेपी ने हर लोकसभा सीट पर 5 लाख के अंतराल से जीत का लक्ष्य निर्धारित किया है और हर सीट पर भाजपा अपने लक्ष्य को हासिल करेगी। त्रिवेंद्र रावत ने कहा कि एक बार फिर मोदी सरकार और अबकी बार चार सौ पार करेगी भाजपा।


