देहरादून: भाजपा ने लोकसभा चुनाव अभियान को आगे बढ़ाते हुए, आपका सुझाव हमारा संकल्प अभियान का आज श्रीगणेश किया है । संकल्प पत्र संयोजक एवं पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत की मौजूदगी में आरंभ हुए इस अभियान में एलईडी वाहनों, पत्र पेटिकाओं, जनसंपर्क, नमो एप एवं मिस्ड कॉल के माध्यम से प्राप्त सुझावों के आधार पर चुनाव संकल्प पत्र तैयार होगा।इस अवसर पर पूर्व सीएम त्रिवेंद्र ने कहा जीत इतनी प्रचंड होनी चाहिए कि विरोधी मतगणना स्थल तक जाने की नही सोचें।
पार्टी मुख्यालय में इस अभियान के आगाज पर अपने संबोधन में घोषणा पत्र समिति के प्रदेश संयोजक त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा जनता ने हमे जिताने का मन बना लिया है, हमे सिर्फ इस जीत को इतना प्रचंड बनाना है कि विरोधी मतगणना स्थल तक नही जाएं। त्रिवेंद्र रावत ने पीएम मोदी पर जनता के विश्वास का जिक्र करते हुए कहा , जब 2014 में भाजपा जीती तो पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा था कि जनता हमे अधिक सीट देना चाहती थी , 2019 में हमने स्पष्ट मांगा 300 पार तो जनता ने 303 सीटें दी । अब 2024 में 400 पार का आशीर्वाद हमे चाहिए, जिसके लिए जनता पूरी तरह तैयार है, बस हमे उनके पास जाना होगा।
10 वर्षों में पीएम मोदी ने भ्रष्टाचार मुक्त विकासोन्मुख शासन दिया है , देश सभी क्षेत्रों में विश्व का सिरमौर बनने की दिशा में अग्रसर हो रहा है, कल तक हथियार खरीदने वाला भारत आज उनका बड़े पैमाने पर निर्यात कर रहा है, कोरोना महामारी में भारत ने अपने नागरिकों ही नही दुनिया के 100 देशों की जान बचाने का काम किया है, भारत के स्वावलंबी बनने के साथ साथ उत्तराखंड भी श्रेष्ठ राज्य बनने की दिशा में तेजी से बढ़ रहा है। पूर्व सीएम त्रिवेंद्र ने कहा हमारे पास केंद्र की विकास योजनाओं और उपलब्धियों के अस्त्र प्रयाप्त हैं , उनका बेहतर इस्तेमाल करके हमे इस चुनावी महामसमर में रिकॉर्ड मतों से जीत दर्ज करनी है ।




