देहरादून: भाजपा के नगर निगम मेयर प्रत्याशी सौरभ थपलियाल शुक्रवार को देहरादून के बालावाला स्थित सैनिक कॉलोनी पहुंचे। सौरभ थपलियाल अपने चुनाव प्रचार के मध्येनजर पूर्व सैनिकों द्वारा आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे। इस दौरान सैनिक कॉलोनी देहरादून के पूर्व सैनिकों द्वारा सौरभ थपलियाल का जोरदार स्वागत किया गया। सौरभ थपलियाल ने मातृभूमि की रक्षा के लिए सैनिकों के त्याग और समर्पण को नमन किया। सौरभ ने कहा कि भाजपा एक देशभक्त पार्टी है जिसनें हमेशा से ही सैनिकों का मान सम्मान किया है और हमारे वीर सैनिकों ने भी मातृभूमि की हिफाजत के लिए अपना सब कुछ समर्पित किया है। सौरभ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का हमेशा से मानना है कि सबसे पहले देश है। जिस प्रकार से एक सैनिक विषम भौगोलिक परिस्तिथियों में रहते हुए देश की सरहदों की हिफाजत में तैनात रहते हैं , उनके इस जज्बे , त्याग और समर्पण के भाव को हम नमन करते हैं। सौरभ ने कहा कि उनकी प्राथमिकता रहेगी देहरादून नगर निगम का समुचित विकास करना।
कर्नल (रि) अजय कोठियाल ने सौरभ के पक्ष में कही ये बड़ी बात
भाजपा प्रत्याशी सौरभ थपलियाल के समर्थन में पूर्व सैनिकों के बीच पहुंचे कर्नल (रि) अजय कोठियाल ने कहा कि आज देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मजबूत हाथों में है। प्रदेश की कमान भी मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के मजबूत हाथों में है और अब देहरादून नगर निगम की कमान को सौरभ थपलियाल जैसे युवा के मजबूत हाथों में सौंपने का काम करना है ताकि देहरादून नगर निगम देश का श्रेष्ठ नगर निगम बन सके। कर्नल अजय कोठियाल ने पूर्व सैनिकों से भाजपा के पक्ष में मतदान कर सौरभ थपलियाल को अधिक से अधिक मतों से जिताने की अपील की।



