पौड़ी: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को गढ़वाल लोकसभा सीट से बीजेपी के उम्मीदवार अनिल बलूनी के समर्थन में प्रचार करने पहुंचे। इस दौरान सीएम पुष्कर धामी ने जनसभा को भी संबोधित किया। मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने बाबा केदारनाथ की पुण्य भूमि को प्रणाम करते हुए कहा कि रुद्रप्रयाग, राज्य की वीरधरा है, जिसने भारत माता की रक्षा के लिए अपने कई लाल न्यौछावर किये हैं, ऐसी पावन भूमि को कोटि-कोटि नमन।
उन्होंने कहा लोकसभा चुनावों का शंखनाद हो चुका है और 19 अप्रैल को उत्तराखंड में मतदान होने वाला है। जनता के आशीर्वाद से इस बार हर कोई कह रहा है मोदी जी सरकार बनने जा रही है। उत्तराखंड के विभिन्न स्थानो में आयोजित कार्यक्रमों में जनता का साफ रुझान भाजपा के प्रति, भाजपा द्वारा किए गए विकास कार्यों के प्रति देखने को मिल रहा है।
उन्होंने कहा निश्चित ही गढ़वाल लोकसभा सीट में सबसे अधिक मत प्रतिशत रुद्रप्रयाग क्षेत्र से रहेगा। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी द्वारा 400 पार का दिया गया नारा विकसित भारत की गारंटी, माता बहनों को लखपति बनाने की गारंटी, कोने कोने तक विकास पहुंचाने और समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक सारी सुविधाएं पहुंचाने की गारंटी है। उत्तराखंड के साथ पूरे देश का विकास हुआ है। 2013 आपदा के बाद केदारनाथ जी के प्रांगण के नवनिर्माण का कार्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुआ। सीएम ने कहा राज्य में हुए मातृशक्ति उत्सव में महिलाओं ने बढ़ चढ़कर भाग लिया, महिलाएं आज मल्टीनेशनल कंपनी के से भी अच्छे उत्पाद बना रही है। मातृशक्ति उत्सव का मकसद महिलाओं का आगे लाने से है। हमारे राज्य की महिलाएं कौशल से भरी हुई हैं। हमारा उत्तराखंड देवभूमि के साथ वीर भूमि है। सीएम ने कहा वो सैनिक परिवार की समस्याओं से भली भांति अवगत हैं। शहीद सैनिकों की याद में देहरादून में सैन्य धाम बनाया जा रहा है हमारे पूर्व सीडीएस बिपिन रावत उत्तराखंड और भारत की शान हैं, और कांग्रेसियों ने उनके प्रति अपमान जनक शब्दों का प्रयोग किया है।
विक्ट्री साइन बनाती तस्वीर आई सामने , जीत का बीजेपी का दावा , विपक्ष पर भी साधा निशाना

सीएम पुष्कर धामी ने कहा कि विपक्षियों में चुनाव लड़ने का ही सामर्थ नहीं है। उनके यहां चुनाव लड़ने वाला कोई नहीं है। धामी ने कहा पीएम मोदी के नेतृत्व में सेना को और अधिक सशक्त किया गया है , सैनिकों तक अच्छे से अच्छा उपकरण, वर्दी पहुंचाई जा रही है , वन रैंक वन पेंशन लागू हुआ। आज दुश्मन की गोली का जवाब गोलो से दिया जा रहा है। केंद्र एवं राज्य सरकार सैनिकों के कल्याण के लिए समर्पित है । जो सैनिक देश की रक्षा में अपनी पूरी जवानी लगाते हैं, उन सैनिकों की सुविधा हमारी सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा केदारनाथ की भूमि से प्रधानमंत्री जी ने 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का बताया था। केंद्र एवं राज्य सरकार ने डबल इंजन की रफ्तार से काम किया है। राज्य में केंद्र की 2 लाख करोड़ से भी ज्यादा योजनाएं स्वीकृत हैं। आज चार धाम की यात्रा सुगम और सुरक्षित हुई है। चार धाम यात्रा में करीब 50 लाख लोग आ रहे हैं। केदारनाथ मंदिर में रोपवे का कार्य पूर्ण होने के बाद यात्रा और तेजी से चलेगी। सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड और चार धामों के लिए कभी कोई कमी नहीं की है। रेल, रोपवे, रोड़, कृषि बागवानी पशुपालन रोजगार हर क्षेत्र में विकास निरंतर जारी है।




