देहरादून : बिजली के बढ़े दामों को लेकर सियासत गरमा गई है। प्रदेश में लोकसभा चुनाव के लिए मतदान हो चुका है और मतदान के ठीक बाद प्रदेश में बिजली के दाम भी बढ़ा दिए गए हैं जिसको लेकर अब सियासत भी गरमा गई है।
जहां एक तरफ कांग्रेस आरोप लगा रही है कि मतदान निपटते ही भाजपा सरकार ने आम लोगों पर महंगी बिजली का बोझ भी डाल दिया तो वहीं कांग्रेस के आरोपों पर भाजपा ने भी पलटवार किया है। भाजपा ने राज्य में बिजली दरों के विरोध पर कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस को भ्रम फैलाने के बजाय आत्मावलोकन की जरूरत है, क्योंकि आज भी कांग्रेस शासित राज्यों में बिजली दरें उत्तराखंड से अधिक हैं ।
बीजेपी प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान का कहना है कि कांग्रेस शासन में ऊर्जा प्रबंधन की अराजकता से भाजपा राज्य को बाहर लेकर आयी हैं और निर्बाध बिजली आपूर्ति की जा रही है । कांग्रेस सरकारों द्वारा दशकों से लटकाई गयी बड़ी विद्युत परियोजनाओं को भाजपा सरकार ने धरातल पर उतारा है और शीघ्र ही राज्य इन परियोजनाओं व सोलर योजनाओं को बढ़ावा देकर ऊर्जा क्षेत्र में राज्य को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य कर रहे हैं।
मनवीर चौहान ने कांग्रेस के आरोपों को राजनीति से प्रेरित और सच से बहुत दूर बताते हुए कहा कि प्रत्येक वर्ष परिस्थितियों, उपलब्धता एवं खपत के अनुसार विद्युत नियामक आयोग , बिजली दरों को तय करता है। इस बार राज्य में पिछले वर्ष के मुकाबले विद्युत दर में कम वृद्धि की गई है, जो अन्य बहुत से राज्यों से अधिक नहीं है । जो कांग्रेस पार्टी अधिक दरों की बात कर रही हैं, स्वयं उनकी कर्नाटक, तेलांगना, झारखंड एवं अन्य राज्यों की सरकारों में अधिसंख्य उपभोक्ताओं को बिजली के इससे बहुत अधिक दाम चुकाने पड़ रहे हैं । लिहाजा उन्हे सबसे पहले अपनी सरकारों से अनुरोध कर बिजली के दामों को कम करवाना चाहिए।
मनवीर चौहान ने कहा कि उत्तराखंड मे सत्ता में रहते कांग्रेस ने अपनी सरकारों में राज्य को ऊर्जा आत्मनिर्भरता के लिए कुछ नही किया, बल्कि सभी बड़ी विद्युत उत्पादन परियोजनाओं को लटकाए रखा । साथ ही कांग्रेस सरकारों ने ऊर्जा क्षेत्र में स्थापित विभिन्न राज्य इकाई के साथ हुए अनुबंध में गैरजिम्मेदाराना रवैया अपनाकर कुप्रबंधन को आगे बढ़ाया । लेकिन आज पीएम मोदी के मार्गदर्शन और सीएम धामी के मार्गदर्शन में दशकों से लंबित जमरानी, लखवाड व्यासी, किसाऊ बांध परियोजनाओं को धरातल पर उतारा है । चौहान ने कहा हमें उम्मीद है कि आने वाले वर्षों में इनके पूरा होने से प्रदेश ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर होगा । साथ ही पीएम सर्वोदय योजना में सोलर पैनलों के माध्यम से पारंपरिक बिजली पर आत्मनिर्भरता को कम करने में अवश्य सफल होंगे ।




