उत्तरकाशी जनपद के धराली क्षेत्र में आई भीषण प्राकृतिक आपदा के मध्येनजर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी स्थित आपदा नियंत्रण कक्ष से राहत एवं बचाव कार्यों की गहन समीक्षा की। इससे पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आपदा प्रभावित क्षेत्र का हवाई निरीक्षण भी किया और हालात का जायजा भी लिया। हवाई निरीक्षण के बाद सीएम धामी उत्तरकाशी के जिला आपदा केंद्र पहुंचे जहां सीएम पुष्कर धामी ने राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने प्रदेश के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों एंव सेना के प्रतिनिधियों से स्थिति की जानकारी ली और उन्हें राहत कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में रेस्क्यू एवं मेडिकल कैंप्स की स्थापना कर दी गई है व प्रभावितों के लिए भोजन एवं आवश्यक सामग्री की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
सीएम धामी ने कहा कि राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर प्रारम्भ कर दिए गए हैं।भारतीय वायुसेना के चिनूक व एमआई-17 हेलीकॉप्टर पूरी तरह से तैयार स्थिति में हैं, ताकि आवश्यकतानुसार शीघ्रतम कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। प्रदेश सरकार राहत कार्यों को प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक प्रभावित नागरिक तक सहायता पहुँचाने हेतु कटिबद्ध है।




