हरेला पर्व पर शुरू हुआ देहरादून नगर निगम का हरित दून अभियान 31 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान शहर भर में विभिन्न स्थानों पर बड़े स्तर पर वृक्षारोपण किया जाना है। इसमें युवाओं , पर्यावरण मित्रों, स्वंय सहायता समूहों का भी सहयोग लिया जाएगा। इसके अलावा जनजागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा व सांस्कृतिक कार्यक्रम वाद-विवाद प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी।
21 जुलाई को कूड़ा संग्रहण केंद्र कारगी में पर्यवारण मित्रों के साथ वृक्षारोपण किया जाएगा। 22 जुलाई को डांडा लखोण्ड में नगर निगम कर्मचारियों के सहयोग से वृक्षारोपण कार्य किया जाएगा। 23 जुलाई को कैनाल रोड में स्वयं सहायता समूह के सहयोग से वृक्षारोपण किया जाएगा। 24 जुलाई को युवाओं को साथ लेकर बड़े स्तर पर वृक्षारोपण किया जाएगा। 25 जुलाई को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जन जागरूकता रैली निकाली जाएगी। 26 जुलाई को सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को पर्यावरण पर प्रति सचेत किया जाएगा। 28 जुलाई को वाद विवाद प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों के बीच पर्यावरण के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा जबकि 29 जुलाई को देहरादून को हरित दून के तौर पर विकसित किये जाने के उद्देश्य से विचार गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। 30 जुलाई को देहरादून नगर निगम में पार्षद गणों के साथ वृक्षारोपण किया जाएगा। 31 जुलाई को नगर निगम कार्यालय हर्रावाला में वर्टिकल गार्डन के अनावरण के साथ ही पखवाड़े का समापन होगा।
देहरादून नगर निगम के मेयर सौरभ थपलियाल का कहना है कि हरित दून की दिशा में चलाया जा रहे वृक्षारोपण का उद्देश्य महज पौध रोपण ही नहीं है बल्कि आम जनता को भी पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सहयोग करने के लिए साथ लाना व दून को हरा भरा रखना है। मेयर सौरभ थपलियाल का कहना है कि इस पखवाड़े के दौरान करीब एक लाख पौधे लगाने का लक्ष्य है और इन्हें संरक्षित करने की जिम्मेदारी भी नगर निगम की ही रहेगी जिसके लिए संभंधित क्षेत्र के सुपरवाइजर की जिम्मेदारी तय की गई है।



