नई दिल्ली : हाल ही में केंद्र सरकार द्वारा NextGenGST रिफॉर्म के माध्यम से जीएसटी में बड़ा बदलाव किया गया है। इससे आम लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। त्यौहारी सीजन से पहले किये गए बदलाव को दीपावली के तोहफे के तौर पर देखा जा रहा है। बीजेपी जीएसटी सुधारों को लेकर जनता के साथ जानकारी साझा करने के लिए जनता के बीच जाएगी और इसके लिए बड़े स्तर पर कार्य योजना तैयार की गई है।
गढ़वाल लोकसभा सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी ने शनिवार को नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में मीडिया से कार्यक्रम की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि जनता के बीच जीएसटी सुधार की जानकारी साझा करने के लिए एक संपूर्ण कार्ययोजना तैयार की है। हर प्रदेश और जिले की इकाइयों को निर्देश दिया गया है कि आम जनता को नेक्स्ट-जेन जीएसटी रिफॉर्म की जानकारी दी जाए। सांसद अनिल बलूनी ने बताया कि जीएसटी सुधार का पूरा कार्यक्रम बड़े स्तर पर संचालित किया जाएगा और एक विशेष दिन प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जनता और मीडिया को पूरी जानकारी दी जाएगी।
गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी का कहना है कि नेक्स्ट-जेन जीएसटी रिफॉर्म से जनता को वास्तविक लाभ और राहत मिली है। इस सुधार के जरिए हर परिवार और व्यापारी को सरलीकरण और कर में कमी का फायदा हुआ है। यह कार्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जनता के हित को ध्यान में रखते हुए किया गया है। इसी लाभ को जन-जन तक पहुँचाने और जनता को इसके महत्व से अवगत कराने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने एक संपूर्ण कार्ययोजना तैयार की है।
सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि सभी स्तरों पर प्रदेश और जिले की इकाइयों को निर्देश दिया गया है कि आम जनता को जीएसटी सुधार के बारे में जानकारी दी जाए। इसके तहत प्रत्येक जिले में एक-एक चौपाल का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी व्यापारी भी यह जान सकेंगे कि सरलीकरण के बाद उनके लिए क्या सुविधाएँ और लाभ उपलब्ध हुए हैं। साथ ही, बड़े मीडिया सेंटरों और प्रदेश की राजधानी तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर वरिष्ठ केंद्रीय मंत्री, राष्ट्रीय प्रवक्ता और पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करेंगे। इस प्रकार, जीएसटी सुधार से जुड़ा पूरा कार्यक्रम बड़े स्तर पर संचालित किया जाएगा। एक विशेष दिन आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जनता और मीडिया को कार्ययोजना की पूरी जानकारी दी जाएगी।




