कोटद्वार: लोकसभा चुनाव के मोर्चे पर बीजेपी के स्टार प्रचारक ताबड़तोड़ बैटिंग करने में जुटे हैं। जहां एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उत्तराखंड में दो जनसभा हो चुकी है तो वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तराखंड में चार जनसभाएं कर चुके हैं। इसके अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी गढ़वाल और कुमाऊं में जनसभा कर चुके हैं। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी उत्तराखंड में जनसभा कर चुके हैं और अब गृहमंत्री अमित शाह गढ़वाल लोकसभा प्रत्याशी अनिल बलूनी के समर्थन में कोटद्वार में जनसभा करने पहुंच रहे हैं। अमित शाह कल दोपहर बाद कोटद्वार पहुंचेंगे और करीब एक घंटे तक कोटद्वार में रहेंगे। इस दौरान अमित शाह अनिल बलूनी के समर्थन में जनसभा भी करेंगे।
जनसभा को लेकर तैयारी जोरों पर , बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के पहुंचने की उम्मीद
गृहमंत्री अमित शाह की जनसभा को लेकर बीजेपी जोर-शोर के साथ तैयारी में जुटी हुई है। इस लोकसभा चुनाव में गृहमंत्री अमित शाह की उत्तराखंड में यह पहली जनसभा है जो कोटद्वार में होने जा रही है। लिहाजा भाजपा की तैयारी भी पूरी है। कोटद्वार को गढ़वाल के द्वार के तौर पर भी जाना जाता है और कोटद्वार अपनी एक अलग पहचान भी रखता है। बड़ी संख्या में कोटद्वार में पूर्व सैनिक और सैन्य पृष्ठभूमि से जुड़े परिवार रहते हैं।
जनसभा के जरिये गढ़वाल की जनता को बड़ा संदेश भी देंगे बलूनी
इस बात में कोई दोहराय नहीं है कि गढ़वाल लोकसभा सीट से बीजेपी के उम्मीदवार अनिल बलूनी कि केंद्र में अच्छी पकड़ है। अनिल बलूनी गृहमंत्री अमित शाह के करीबी भी माने जाते हैं। इसके साथ ही अनिल बलूनी लगातार गढ़वाल की जनता को यह भी संदेश देने की कोशिश में जुटे हैं कि अगर जनता उनपर भरोसा जताती है तो वे गढ़वाल क्षेत्र में विकास की झड़ी लगा देंगे। अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि गृहमंत्री अमित शाह की उत्तराखंड के चुनाव में ये पहली जनसभा है और वो भी अनिल बलूनी के समर्थन में कोटद्वार में हो रही है। लिहाजा इससे साफ संदेश भी जाता है।




