श्रीनगर गढ़वाल: श्रीनगर में एक आदमखोर गुलदार पिजरे में कैद हो गया है. गुलदार की धर पकड़ के लिए लगाए गए पिंजरे में आज सुबह गिलास हाउस के पास ये गुलदार पकड़ा गया है. बताया जा रहा है कि 8 साल का ये नर गुलदार गिलास हाउस के पास 17 मई की रात 8.30 बजे ढाई साल के सूरज को उठा ले गया था.
अब तक 4 महीनों के भीतर श्रीनगर में तीन गुलदार पिंजरे में कैद हो चुके हैं. टिहरी जनपद के मलेथा में एक गुलदार को वन विभाग ने ढेर किया था. अब तक गुलदार तीन बच्चों को मार चुका चुके हैं. दो बच्चियां गुलदार के हमले के बाद सर्वाइव कर रही हैं.
ऐसा माना जा रहा है कि इस गुलदार ने ढाई साल के सूरज को घर के आंगन में खेलते हुए उठा लिया था. सूरज की गुलदार के हमले में जान चली गई थी. 3 बहनों के छोटे भाई की मौत के बाद पूरे परिवार में सन्नाटा पसर गया था. अब 8 दिन बाद ये गुलदार पिंजरे में कैद हो गया है. अब भी श्रीकोट इलाके में 4 साल की अधीरा पर हमला करने वाले गुलदार को पकड़ने के लिए वन विभाग ने 5 पिंजरे श्रीकोट में लगाये हुए हैं. इसके साथ साथ पूरे इलाके में 20 ट्रैप कैमरे गुलदार की चहल कदमी पर नजर रखने के लिए लगाए हुए हैं. इसके अलावा ड्रोन कैमरों की मदद भी ली जा रही है.




