देहरादून: जलाओ दिए रहे ध्यान इतना अँधेरा धरा पर कहीं रह न जाये। कुछ ऐसा ही प्रयास ऊर्जा फॉउंडेशन की तरफ से दीपावली के अवसर पर किया जा रहा है। घने अंधेरे को चीरती जगमगाती रौशनी के पर्व दीपावली पर ऊर्जा फॉउंडेशन की तरफ से बच्चों के बीच जाकर दीपावली की खुशियां बांटी जा रही हैं।

ऊर्जा फाउंडेशन द्वारा ” दीप मिलन अभियान ” चलाया जा रहा है, जिसके तहत बस्तियों व स्कूलों में जाकर छोटे बच्चों के साथ दीपावली की खुशियां बांटी जा रही हैं। इस दौरान बच्चों को किताबें व मिठाइयां भी बांटी जा रही हैं।

इसी के तहत शुक्रवार को देहरादून के एक प्राथमिक विद्यालय और आंगनवाड़ी केंद्र में ऊर्जा फाउंडेशन की तरफ से बच्चों के साथ दीपोत्सव का आयोजन किया गया और उनके साथ दीपावली की खुशियां बांटी गई।

सामाजिक सरोकारों में सक्रिय भूमिका निभा रही दीप्ती रावत
ऊर्जा फॉउंडेशन की संस्थापक दीप्ती रावत भारद्वाज भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महामंत्री भी हैं , जो कि राजनीति में सक्रियता के साथ ही सामाजिक सरोकारों को भी बखूबी निभा रही हैं।

खास तौर से मातृशक्ति को सशक्त बनाने की दिशा में भी दीप्ती रावत अपना योगदान दे रही हैं। भाजपा की राष्ट्रीय राजनीति में भी दीप्ती रावत अपनी एक अलग पहचान रखती हैं।

दीपावली मिलन अभियान को लेकर दीप्ती रावत भारद्वाज का कहना है कि खुशियां साझा करने से और अधिक बढ़ती हैं और दीपावली का पर्व जगमगाती रौशनी का पर्व है।

ऐसे में बच्चों को पुस्तकें बांटकर ये कोशिश की जा रही है ज्ञान का उजियारा उनके भविष्य को और आने वाले कल को प्रकाशमय करे।




