गढ़वाल क्षेत्र के दूरस्थ इलाकों में बैंकिंग सेवा के विस्तार के लिए गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने बड़ी पहल करते हुए केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात कर उनसे नई बैंक शाखओं को खोलने का अनुरोध किया है। गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने पौड़ी, रुद्रप्रयाग, टिहरी, नैनीताल और चमोली जिले के दूरस्थ इलाकों जहां पर बैंकिंग सेवा के विस्तार की आवश्यकता है , ऐसे स्थानों पर राष्ट्रीयकृत बैंकों की शाखाएं खोलने का अनुरोध किया है। पौड़ी गढ़वाल में नीलकंठ, मोहन चट्टी, धुमाकोट, रसिया महादेव व बूंगीधार में , रुद्रप्रयाग जिले में बासुकेदार व बाड़ा में , टिहरी गढ़वाल में लेसर एवं पोखरी व खोला में , नैनीताल में मालधनचौर व पटकोट में और चमोली में नागचुला खाल , खेत थराली और नीति घाटी में बैंकों की शाखाएं खोलने की मांग की है।
दरअसल विषम भौगोलिक स्तिथि वाले पहाड़ी क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं उपलब्ध करवाना हमेशा से ही एक बड़ी चुनौती रहा है। बुनियादी सुविधाओं के अभाव में पहाड़ से पलायन भी एक बड़ी समस्या बनी हुई है। लिहाजा ऐसे में पहाड़ पर बुनियादी सुविधाओं को उपलब्ध करवाना नितांत आवश्यक है। इससे पहले सांसद अनिल बलूनी ने केंद्र सरकार से सीमांत जनपद चमोली के लिए 500 करोड़ से अधिक की योजनाओं की मांग की।




