नई दिल्ली : गढ़वाल लोकसभा सांसद व भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी ने गुरुवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से शिष्टाचार भेंट की। मुलाकात के दौरान हुई चर्चा में सांसद अनिल बलूनी ने राष्ट्रपति को उत्तराखण्ड में आई आपदा में प्रभावित लोगों के संबंध में जानकारी भी दी साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में राहत बचाव कार्यों को लेकर भी जानकारी साझा की।
राष्ट्रपति ने उत्तराखंड सहित पूरे देश में अतिवृष्टि और बादल फटने की घटना के कारण आई प्राकृतिक त्रासदी पर गहरा दु:ख जताया, साथ ही आपदा में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति संवेदना भी प्रकट की और परिजनों को यह असहनीय कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करने की भगवान बद्री विशाल से कामना की।
मुलाकात को लेकर सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए सांसद अनिल बलूनी ने लिखा कि ‘देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर विराजमान होने के बावजूद जिस सहजता से आदरणीया राष्ट्रपति जी का मातृत्व छलकता है, वह भारत की शक्ति परंपरा का गौरव है। मेरे जैसे सामान्य नागरिक के प्रति उनका वात्सल्य भाव निश्चित तौर पर उनके प्रति मुझे अनुगृहीत करता है।’ मुलाकात के दौरान गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने राष्ट्रपति को केदारनाथ धाम मंदिर की प्रतिकृति भी भेंट की।



